आप प्रत्याशी सतेंद्र सिंह
- फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
आप प्रत्याशी सतेंद्र सिंह 8.64 करोड़ के मालिक, पत्नी के पास 2.50 करोड़
आदमपुर विधानसभा सीट पर उपचुनाव के लिए आम आदमी पार्टी के प्रत्याशी 45 वर्षीय सतेंद्र सिंह कुरुक्षेत्र यूनिवर्सिटी से ग्रेजुएट हैं। उनके पास कुल 86436132 रुपये की चल-अचल संपत्ति है। उनकी 9321445 रुपये की देनदारी है। सतेंद्र सिंह की पत्नी नीलम सिंह 2.50 करोड़ की चल अचल संपत्ति की मालकिन हैं।
गांव न्योली निवासी सतेंद्र सिंह फिलहाल सेक्टर 14 में रहते हैं। चुनाव आयोग को दिए अपने शपथ पत्र में उन्होंने अपनी संपत्ति की जानकारी दी है। उन्होंने बताया कि उनके पास 7 लाख 18 हजार 726 रुपये की नकदी है। कुल 71 लाख 92 हजार 928 की चल संपत्ति है। 340 कनाल 17 मरला खेती बाड़ी की जमीन है। जिसकी कीमत करीब 5.30 करोड़ रुपये है। करीब 50 लाख रुपये की गैर कृषि जमीन है। 7310 रुपये के शेयर हैं।
कुल मिलाकर उनके पास 8 करोड़ 64 लाख 36 हजार 132 रुपये की संपत्ति है। उनके पास सोने के 80 ग्राम के गहने हैं। पत्नी नीलम के पास 2.50 करोड़ रुपये की अचल संपत्ति है। सतेंद्र सिंह तथा उनकी पत्नी गैस एजेंसी के साझे मालिक हैं। पत्नी के पास सोने के 400 ग्राम के गहने हैं। सतेंद्र सिंह के परिवार में फॉरच्यूनर तथा ब्रेजा गाड़ी है। यह वाहन उनके नाम पर पंजीकृत नहीं हैं। सतेंद्र सिंह की बेटी खुशी तथा बेटे भारत सिंह के नाम कोई संपत्ति नहीं है। सतेंद्र सिंह वर्ष 2014 के चुनाव में कांग्रेस प्रत्याशी थे। उस चुनाव में कुलदीप बिश्नोई हजकां के प्रत्याशी थे।