हिसार। गांव आर्यनगर में रहने वाले संदीप पर तीन युवकों ने चाकू और कैंची से हमला कर दिया। जख्मी हालत में संदीप को उपचार के लिए नागरिक अस्पताल में भर्ती कराया। आजाद नगर थाना पुलिस ने घायल के बयान पर संदीप, संपत और विनोद के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।
पुलिस को दी गई शिकायत में संदीप ने बताया कि वह बिजली मिस्त्री है। 19 जनवरी की रात करीब साढ़े आठ बजे शहर से वाहन में सवार होकर गांव के बस अड्डे पर पहुंचा। जब वह एक रेहड़ी पर सूप पी रहा था तो गांव के ही संदीप ने आवाज लगाकर उसे अपने पास बुलाया।
इसके बाद संपत ने अचानक कैंची और संदीप व विनोद ने चाकू से वार कर दिया। शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और छुड़वाया। बाद में परिजन उपचार के लिए नागरिक अस्पताल लेकर गए। घायल ने बताया कि घटना से कुछ दिन पहले वह संपत को शराब के नशे में घर छोड़कर आया था, इस बात की रंजिश में हमला किया गया है।
उधार दिए रुपये मांगने पर युवक पर डंडों से हमला : धान्सू गांव में उधार दिए रुपये लेने आए फतेहाबाद के कुकड़ावाली निवासी नरेंद्र पर कुछ लोगों ने डंडों से हमला कर दिया। घायल का आरोप है कि हमलावरों ने उसकी ढाई तोले सोने के चेन छीन ली। घायल नरेंद्र को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। सदर थाना पुलिस ने शिकायत पर 10-12 लोगों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।
नरेंद्र ने बताया कि कुछ दिन पहले दोस्त धान्सू निवासी चन्नी को 2.81 लाख रुपये उधार दिए थे। चन्नी ने 10 दिन में रुपये देने की बात कही। 16 जनवरी को उधार दिए रुपये लेने के लिए चन्नी के घर गया था। इस दौरान गाड़ियाें में चन्नी समेत 10-12 लोग आए और डंडों से हमला कर दिया। उन्होने रुपये मांगने पर जान से मारने की धमकी दी।