हिसार। रेलवे थाना पुलिस ने शुक्रवार को रेलवे स्टेशन से 5 किलो 48 ग्राम गांजे के साथ बिहार के गोपालगंज जिले के नीतीश को गिरफ्तार किया है। आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज कर उसे अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे तीन दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया।
जांच अधिकारी एसआई राधेश्याम ने बताया कि रेलवे थाना पुलिस की टीम स्टेशन के पश्चिमी छोर पर तैनात थी। इसी दौरान एक युवक नीले रंग का बैग लेकर बेंच पर बैठा हुआ था। पुलिस द्वारा चेकिंग किए जाने पर युवक अचानक उठकर आगे की ओर जाने लगा। उसके व्यवहार को संदिग्ध मानते हुए पुलिस ने उसे रोककर पूछताछ की। उसने बताया कि वह बिहार के जिला गोपालगंज के गांव सिहोरवा बिशनपुर का रहने वाला है। जब उससे बेंच से उठकर जाने का कारण पूछा गया तो वह घबरा गया और कोई संतोषजनक जवाब नहीं दे सका।
इसके बाद पुलिस ने राजपत्रित अधिकारी वीरेंद्र की मौजूदगी में उसके बैग की तलाशी ली। तलाशी के दौरान बैग से भारी मात्रा में गांजा बरामद हुआ। नशीले पदार्थ का वजन करने पर कुल 5 किलो 48 ग्राम गांजा पाया गया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। फिलहाल आरोपी से तीन दिन के रिमांड के दौरान पूछताछ की जा रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि गांजा कहां से लाया गया था और किसे सप्लाई किया जाना था।