फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

हादसे में क्षतिग्रस्त कार का चेसिस नंबर काट चोरी की कार पर लगाता युवक गिरफ्तार

विज्ञापन
विज्ञापन
हिसार। मुख्यमंत्री उड़नदस्ते ने हादसे में क्षतिग्रस्त लग्जरी कारों के चेसिस नंबर चोरी की गाड़ियों पर लगाकर बेचने वाले गिरोह के एक आरोपी को शनिवार गिरफ्तार किया है। सीएम फ्लाइंग की टीम गुप्त सूचना के आधार पर शहर थाना पुलिस के साथ मिलकर पुरानी ऑटो मार्केट स्थित डेंटिंग-पेंटिंग की दुकान पर छापा मारा। टीम ने मौके पर दुकानदार गोरछी निवासी सलीम को सड़क दुर्घटना में क्षतिग्रस्त स्विफ्ट कार का चेसिस नंबर काटकर चोरी की गाड़ी पर लगाते पकड़ा।
विज्ञापन

शहर थाना पुलिस ने मुख्यमंत्री उड़नदस्ता में शामिल एएसआई विपिन कुमार की शिकायत पर आरोपी सलीम, सज्जन मिस्त्री व सतीश के खिलाफ धारा 420, 467, 468 व 120बी के तहत केस दर्ज किया है। सलीम ने पूछताछ में पुलिस को बताया कि वह अब तक तीन से चार गाड़ियों के चेसिस नंबर बदल चुका है। सलीम को पुलिस रविवार को अदालत में पेश करेगी। पुलिस का कहना है कि आरोपी सलीम को आर्य नगर निवासी सतीश ने दो वर्ष पहले 6 हजार रुपये महीना किराये पर दुकान दी थी। सूत्रों के अनुसार कैथल से पकड़े गए गिरोह से पूछताछ के बाद ही हिसार में शनिवार को सीएम फ्लाइंग की टीम ने छापा मारा। मुख्यमंत्री उड़नदस्ता के डीएसपी अजय कुमार का कहना है कि अभी इसकी पुष्टि नहीं हुई हैं, अभी जांच जारी है।
एएसआई विपिन कुमार ने बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर शनिवार दोपहर वह एएसआई धर्मवीर, हेडकांस्टेबल अनिल व सिपाही राजबीर और शहर थाने से सब इंस्पेक्टर सत्यवान के साथ पुरानी ऑटो मार्केट की दुकान नंबर 484 पर पहुंचे। मौके पर गोरछी निवासी सलीम एक स्विफ्ट कार के चेसिस नंबर को वेल्ड कर रहा था। पूछताछ में सलीम ने बताया कि उसने ऑटो मार्केट के फेस तीन स्थित गणेश मोटर स्टोर से गाड़ी खरीदी है। इसका चेसिज नंबर काटकर अन्य गाड़ी पर लगाना था। उसे यह काम ऑटो मार्केट स्थित दुकान नंबर 483 के मिस्त्री सज्जन और उसके जानकार सतीश के कहने पर किया। सलीम को इस काम के लिए 10 हजार रुपये मिलने थे। कार सतीश ने गणेश मोटर स्टोर से 31 हजार रुपये में खरीदकर उसे दी थी। टीम ने मौके से चेसिस नंबर का टुकड़ा बरामद किया है। चोरी की गाड़ी पर चेसिस नंबर लगने से उसकी आरसी चलने लगती है।
विज्ञापन

तीन दिन पहले कैथल में पकड़ा गया था गिरोह, हिसार के दो युवकों का नाम आया था सामने
उल्लेखनीय है कि कैथल पुलिस ने तीन दिन पहले चेसिस नंबर बदलकर चोरी की गाड़ी बेचने के एक गिरोह को पकड़ा था। गिरोह हिसार से देहरादून तक फैला था। हिसार और देहरादून में गैराज चलाते थे। कैथल सीआईए- 1 ने गाड़ी चोरी कर चेसिस नंबर बदल बेचने वाले सात आरोपितों को गिरफ्तार किया था। आरोपियों से एक करोड़ कीमत की 18 गाड़ियां बरामद की थी। आरोपी कैथल, यमुनानगर, पिहोवा व फतेहाबाद और दिल्ली से गाड़ियां चोरी कर देहरादून में एक गैराज मालिक को बेच देते थे। गैराज मालिक इन गाड़ियों को कैथल व हिसार में गैराज चलाने वाले युवकों के पास भेज देता था, जो गाड़ियों का चेसिस नंबर बदलकर लोगों को बेचते थे। इस गिरोह में हिसार के आजाद नगर निवासी विशाल कुमार और हिसार की लक्ष्मी विहार कॉलोनी निवासी संदीप कुमार को भी गिरफ्तार किया गया था।
आरोपी सलीम को हिरासत में ले लिया गया है। उसे रविवार को अदालत में पेश किया जाएगा। उससे पूछताछ की जा रही है। सलीम ने बताया है कि वह इन गाड़ियों को अपने साथी सतीश को देता था। सतीश आगे इन गाड़ियों का क्या करता था। इसके बारे में भी जांच की जा रही है। - एसआई सत्यवान, जांच अधिकारी, शहर थाना, हिसार
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें