हिसार। गांव कैमरी के समीप तीन दिन पहले स्कूटी पर सवार मां और बेटी पर कुछ लोगों ने लाठी-डंडों से हमला कर उन्हें घायल कर दिया। बाद में बीच बचाव के लिए आए महिला के पति और बेटे पर भी हमला किया गया। चारों घायलों को जिला नागरिक अस्पताल में भर्ती करवाया गया।
आजाद नगर थाना पुलिस के हेड कांस्टेबल राकेश ने बताया कि महिला के बयान पर चार आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर दी गई है और आरोपियों को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा। शहर की मदन विहार कालोनी निवासी निर्मला ने पुलिस को बताया कि उनका मायका गांव कैमरी में है। उनके भाई मांगेराम और भाभी सविता के बीच अनबन चल रही थी। बुधवार को मांगेराम अपने घर कैमरी आया। भाभी सविता ने निर्मला को फोन कर कहा कि पुलिस लेकर मांगेराम आया है, इसलिए वह अपने बेटी निशा के साथ स्कूटी लेकर भाभी के पास गईं।
निर्मला ने बताया कि वहां से भाई को समझा कर अपनी बेटी निशा के साथ घर लौट रही थीं। रात करीब नौ बजे कैमरी गांव से निकलकर गांव के वाटरवर्क्स के पास पहुंचे तो राधेश्याम, संदीप, जगदीश और अनिल पीछे से आए। उन्होंने स्कूटी रोककर झगड़ा शुरू किया। निशा को थप्पड़ और मुक्के मारे और मां-बेटी पर डंडे से हमला किया। बीच बचाव के लिए वहां पहुंचे निर्मला के पति रोहतास और बेटा अरमान पर भी लाठी-डंडों से हमला किया गया। गांव के कुछ लोगों ने बीच-बचाव कर चारों की जान बचाई।