हिसार/बरवाला। पुलिस की बर्गलरी एंड व्हीकल थेफ्ट टीम (एबीवीटी) ने गांव बनभौरी में 28 जुलाई की रात तीन मकानों में चोरी का खुलासा करते हुए शनिवार को मुख्य आरोपी नीरज को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी से 35 तोला सोना और एक किलो चांदी के गहने बरामद हुए हैं। रोहतक के फरमाना निवासी नीरज पर चोरी, गृह भेदन, वाहन चोरी, पोक्सो एक्ट के तहत कई जिलों में 37 केस दर्ज हैं। प्रारंभिक पूछताछ में सात जिलों में 10 वारदात कबूल की हैं। पुलिस ने नीरज को अदालत में पेश कर 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। पुलिस को इसके दो साथियों की तलाश है।
बरवाला डीएसपी सुमित कुमार ने प्रेसवार्ता में बताया कि नीरज शातिर व आदतन अपराधी है। उससे अलग-अलग जगहों से चुराए गए 35 तोले सोना व एक किलो चांदी के आभूषण, चोरीशुदा 2 मोटरसाइकिल बरामद की है। प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी ने हिसार, रोहतक, झज्झर, जींद, भिवानी, कैथल, चरखीदादरी में चोरी की 10 वारदात कबूल की हैं। इनमें नकदी, सोने-चांदी के आभूषण और मोटरसाइकिल चोरी शामिल हैं।
कई जिलों में काट चुका है जेल
डीएसपी ने बताया कि नीरज चोरी के कई मामलों में जींद, हिसार व रोहतक में जेल काट चुका है। उस पर अलग-अलग थानों में 37 केस दर्ज हैं। 21 जुलाई को रोहतक की सुनारिया जेल से जमानत पर छूटने के बाद नीरज ने अपने साथी किरोड़ी निवासी सोनू, उसके भाई संदीप के साथ मिलकर बनभौरी गांव में चोरी की साजिश रची। सभी संदीप के घर इकट्ठा हुए और वारदात कैसे अंजाम देनी है, इसकी योजना बनाई। 28 जुलाई की रात संदीप व नीरज मोटरसाइकिल से बनभौरी पहुंचे। नीरज ने मकानों में घुसकर चोरी को अंजाम दिया जबकि संदीप बाहर निगरानी के लिए खड़ा रहा। एक ही रात में तीन अलग-अलग मकानों से सोने-चांदी के आभूषण, नकदी व एक मोटरसाइकिल चोरी की। इसके बाद गांव से बाहर जाकर चोरी का सामान आपस में बांट लिया।
जेल से जमानत पर छूटने के बाद 7 दिन 10 वारदात अंजाम दी
डीएसपी ने बताया कि नीरज ने 21 जुलाई को जेल से जमानत पर छूटने के बाद सात दिन में चोरी की 10 वारदात को अंजाम दिया। बनभौरी में चोरी के बाद आरोपियों की तलाश में एसआई धर्मवीर, एएसआई सुनील कुमार, राकेश, राजकुमार व कृष्ण, मुख्य सिपाही धर्मवीर व अनिल की टीम गठित की। टीम ने चोरी के मामलों में शामिल अपराधियों से पूछताछ के बाद मुखबिरों को सक्रिय किया। इस दौरान सूचना मिली की नीरज अग्रोहा रोड पर आएगा। इसके बाद टीम ने उसे दबोच लिया।
यह वारदात कबूली
- जुलाई 2023: रोहतक के गांव फरमाना में एक मकान से 11 हजार रुपये चोरी किए।
- 22 जुलाई 2023: भिवानी जिले के गांव पुर में एक मकान से सोने के आभूषण व रुपये चोरी किए।
- 25 जुलाई 2025: हिसार जिले के गांव बास बडाला में मकान से 11 हजार रुपये चोरी किए।
- 27 जुलाई : हिसार जिले के गांव जाखोद खेड़ा में एक मकान से सोने के आभूषण व 12 हजार रुपये चोरी।
- 27 जुलाई : हिसार जिले के गांव सलेमगढ़ में एक मकान से 18 हजार रुपये चोरी किए।
- 27 जुलाई : हिसार जिले के गांव किरतान में एक मकान से सोने के आभूषण व मोटरसाइकिल चोरी की।
- 28 जुलाई : हिसार के गांव बनभौरी में तीन मकानों से आभूषण, नकदी व मोटरसाइकिल चोरी की।
- 3 अगस्त : झज्जर जिले के गांव चिमनी में एक मकान से सोने चांदी के आभूषण व मोटरसाइकिल चोरी की।
- 4 अगस्त 2025: चरखी दादरी जिले के गांव रानिला में दो मकानों से नकदी व आभूषण चोरी किए।