हिसार। महाराजा अग्रसेन एयरपोर्ट के लाइसेंस अपग्रेडेशन की प्रक्रिया तेज हो गई है। डायरेक्टरेट जनरल ऑफ सिविल एविएशन (डीजीसीए) की दो सदस्यीय टीम वीरवार को एयरपोर्ट पहुंची और देर रात 9 बजे तक निरीक्षण कार्य किया। टीम शुक्रवार को भी जांच करेगी और शाम तक लौट जाएगी।
एयरपोर्ट अथॉरिटी ने वीएफआर (दृश्य उड़ान नियम) से आईएफआर (उपकरण उड़ान नियम) में लाइसेंस अपग्रेड करने के लिए आवेदन किया हुआ है। आईएफआर लाइसेंस मिलने के बाद एयरपोर्ट पर कम दृश्यता या खराब मौसम में भी विमान उतर सकेंगे। फिलहाल एयरपोर्ट के पास वीएफआर लाइसेंस है, जिसके तहत विमान केवल साफ मौसम में दृश्य संकेतों के आधार पर उड़ान भर और उतर सकते हैं।
यदि सभी मापदंडों पर एयरपोर्ट सही पाया गया तो जल्द ही हिसार को आईएफआर लाइसेंस मिलने का रास्ता साफ हो जाएगा। इससे यहां से उड़ान संचालन और बेहतर, सुरक्षित व नियमित हो सकेगा।
उपकरणों से लेकर दस्तावेजों तक हुई जांच
डीजीसीए की दो सदस्यीय टीम वीरवार सुबह 11 बजे एयरपोर्ट पहुंची। टीम ने निरीक्षण के दौरान डीवीओआर सिस्टम समेत अन्य तकनीकी उपकरणों की जांच की। साथ ही लाइसेंस अपग्रेडेशन के लिए भेजे गए दस्तावेजों का सत्यापन भी किया गया। निरीक्षण के दौरान टीम ने एयरपोर्ट अधिकारियों के साथ बैठक कर संचालन व्यवस्था और सुरक्षा उपायों की जानकारी ली।
अभी नहीं शुरू होगी नाइट लैंडिंग सुविधा
फिलहाल हिसार एयरपोर्ट पर नाइट लैंडिंग सुविधा उपलब्ध नहीं होगी। अभी लाइसेंस को केवल आईएफआर श्रेणी में अपग्रेड किया जा रहा है। नाइट लैंडिंग की अनुमति के लिए एयरपोर्ट को आईएफआर प्रिसीजन लाइसेंस की आवश्यकता होगी, जिसके लिए आगे अलग से आवेदन प्रक्रिया पूरी करनी होगी।
टीम ने पहले दिन निरीक्षण कार्य किया है। शुक्रवार को भी यह जारी रहेगा। शाम 5-6 बजे टीम यहां से वापसी करेगी।
- ओपी सैनी, डायरेक्टर, महाराजा अग्रसेन एयरपोर्ट।