बालसमंद(हिसार)। गांव बालसमंद के अंतर्गत सीसवाला किरतान रोड पर सोमवार को बिजली निगम की टीम चोरी पकड़ने के लिए ढाणी में गई। ढाणी में मौजूद दो लोगों ने चोर समझकर बिजली निगम के जेई, फोरमैन, ड्राइवर और लाइनमैन को लाठी-डंडे मारकर बंधक बना लिया।
एक घंटे के बाद पुलिस ने पहुंचकर बिजली कर्मियों को छुड़वाया और दो लोगों को हिरासत में लिया है। पुलिस ने सरकारी काम में बाधा पहुंचाने बंधक बनाने सहित अन्य धाराओं में मामला दर्ज किया है। वहीं, घायल हिसार के सामान्य अस्पताल में भर्ती हैं।
बिजली निगम के जूनियर इंजीनियर योगेश ने बताया कि बिजली चोरी की गुप्त सूचना पर खारिया निवासी जयबीर की ढाणी में टीम गई थी। टीम ने दूर से देखा कि बिजली मीटर की इनकमिंग वायर ढाणी के ऊपर से जा रही है। जबकि मीटर बाहर लगा हुआ है।
चोरी का अंदेशा जता बिजलीकर्मी घर में घुसे और एक बुजुर्ग महिला मिली। कर्मियों ने बताया कि हम बिजली निगम से हैं। ऊपर जाकर छत पर देखा कि तार में कट किया हुआ है, लेकिन मौके पर चोरी नहीं की जा रही है। तभी बिजली कर्मी नीचे आ गए और घर से निकलने लगे तभी जयबीर और उसके बेटे प्रमोद ने लाठी-डंडों से टीम पर हमला कर दिया और घर में ही बंधक बना लिया। बाहर गाड़ी में मौजूद ड्राइवर के साथ भी मारपीट की गई।
मौजूद लोगों ने कर्मियों से पूछा था कि आप कौन हैं तो उन्होंने बताया नहीं। इस पर पिता-पुत्र को शक हुआ कि आजकल क्षेत्र में बहुत चोरियां हो रही हैं। कहीं ये चोर तो नहीं हैं। चोर समझकर उन्होंने पुलिस के आने तक बैठाए रखा। वहीं, पुलिस भी क्षेत्र में चोरियों पर रोक लगाने के लिए ग्रामीणों से ठीकरी पहरे लगवाने की अपील कर चुकी है। जैसे तैसे बिजली कर्मियों ने पुलिस को सूचना दी और पुलिस आई।
पुलिस ने आकर बिजली कर्मियों को छुड़वाया। इसमें जेई मनीराम, साधुराम फोरमैन, सुरेंद्र लाइनमैन और ड्राइवर को चोट आई हैं। चौकी इंचार्ज शेषकरण ने बताया कि दो युवकों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर हिरासत में लिया है।