करो पढ़ाई बहण मेरी, तुम दिल बज्जर का कर के हे।
बदमाशों का जोर चले ना, तुम मत ना रहियो डर के हे।।
यह गीत जब एक केमिस्ट्री का प्राध्यापक मंच से सुनाता है, तो सुनने वालों के रोंगटे खड़े हो जाते हैं। सुनने वाली बेटियों में गजब की हिम्मत और जिंदगी जुनून के साथ जीने का जोश संचारित हो जाता है।
करीब तीन साल पहले दिल्ली में हुए निर्भया कांड से आहत होकर गांव खरक पूनिया निवासी 25 वर्षीय केमिस्ट्री लेक्चरर सुरेन राजपूत व उनके सहयोगी मास्टर मनदीप ने बेटियों की हिम्मत बढ़ाने के लिए एक गीत लिखा। अब हर मंच से इस लोक गीत के जरिये बेटियों को ऐसी विषम परिस्थितियों में मां चंडी व दुर्गा का रूप धरने के लिए प्रेरित कर रहे हैं।
यू ट्यूब पर भी मिली सराहना
सुरेन व उनके साथी स्वलिखित लोक गीत करो पढ़ाई बहण मेरी... को विभिन्न मंचों के माध्यम से सौ से भी अधिक जगहों पर प्रस्तुत कर चुके हैं।
बेटियों को कमजोर व उनके प्रति सहानुभूति जैसी बातों से ऊपर उठकर बेटियों में जोश जगाने वाला यह गाना यू ट्यूब पर भी हजारों लोगों की पसंद बन चुका है।
इस गाने में मैरीकॉम, किरण बेदी, कल्पना चावला, लक्ष्मीबाई जैसी वीरांगनाओं का उदाहरण और आजादी से पूर्व अंग्रेज अफसर का सिर काट देने वाली गीता सुनीता के प्रसंगों को शामिल किया गया है। इस गाने में लड़कियों को कमजोर बनने की बजाए आत्मविश्वास से परिपूर्ण हर मुसीबत का डटकर सामना करने की प्रेरणा दी गई है।
पहली बार महिला आईटीआई से की शुरुआत
स्वामी रामदेव सीनियर सेकेंडरी स्कूल में केमिस्ट्री पढ़ाने वाले सुरेन राजपूत बताते हैं कि गाना लिखे जाने के बाद पहली बार उन्होंने हिसार स्थित महिला आईटीआई में सुनाया।
सुनते ही छात्राओं ने दोबारा सुनाने की मांग की और खूब सराहना की। इसके बाद यह सिलसिला चलता रहा और अब हर सामाजिक मंच से बेटियों की हिम्मत बढ़ाने के लिए उनकी टीम तैयार रहती है।
सुरेन कहते हैं कि लड़कियों के प्रति सहानुभूति बरतने की बजाए, उन्हें उनकी शक्ति का अहसास कराने की जरूरत है। अगर लड़कियां मानसिक तौर पर मजबूत हो तो किसी भी आपराधिक किस्म के व्यक्ति की हिम्मत नहीं कि वे उनकी तरफ आंख उठाकर देख सके। इसी बात को ध्यान में रखते हुए उन्होंने यह गीत लिखा था।
गीत की नि:शुल्क देंगे प्रस्तुति
सुरेन राजपूत का कहना है कि बेटी बचाओ से संबंधित किसी भी कार्यक्रम में अगर कोई भी संस्था या आयोजक उन्हें बुलाते हैं, तो वो इस साढ़े तीन मिनट के गीत की प्रस्तुति नि:शुल्क देंगे।
उनका मकसद धन कमाना नहीं है, बल्कि बेटियों को उनकी ताकत बताकर उन्हें भी सम्मान के साथ जीने का अधिकार दिलाना है। सुरेन का कहना है कि जल्द ही अब इस गाने का वीडियो तैयार किया जाएगा।