रथयात्रा के पर्चे का लोकार्पण करते बीड़ बबरान युवा समिति के पदाधिकारी।
हिसार। बीड़ बबरान युवा समिति की ओर से 19 जुलाई को जिले की भव्य जगन्नाथ रथयात्रा निकाली जाएगी। नई अनाज मंडी से शुरू होकर यह यात्रा शहर के प्रमुख मार्गों से होकर गुजरेगी। रथयात्रा में भगवान जगन्नाथ के साथ खाटू श्याम की आकर्षक झांकी भी शामिल होगी। इसके लिए जगन्नाथ पुरी धाम से भगवान जगन्नाथ के विग्रह हिसार लाए गए हैं, जो सुसज्जित रथ पर सवार होकर नगर भ्रमण करेंगे।
अग्रोहा धाम वैश्य समाज के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष बजरंग गर्ग ने पत्रकार वार्ता में बताया कि 18 जुलाई को नेत्र उत्सव का आयोजन होगा। 19 जुलाई को प्रातः चंदन उत्सव और दोपहर तीन बजे रथयात्रा निकाली जाएगी। 20 जुलाई को बुधला संत मंदिर में भगवान जगन्नाथ की विदाई की जाएगी।
उन्होंने बताया कि भगवान जगन्नाथ और खाटू श्याम के रथ को कोलकाता के कलाकार विशेष रूप से सजाएंगे। रथयात्रा में दिल्ली, बहादुरगढ़ की इस्कॉन मंडली तथा नासिक से आए ढोल-नगाड़ा दल और भजन मंडलियां भी भाग लेंगी। शहर में विभिन्न स्थानों पर स्वागत द्वार बनाए जाएंगे तथा पुष्प वर्षा, इत्र वर्षा, छप्पन भोग, सवामणि और भंडारे की व्यवस्था रहेगी।
बजरंग गर्ग ने बताया कि सत्यनारायण शिव मंदिर में भगवान जगन्नाथ के मंदिर का निर्माण भी शुरू कर दिया गया है। उन्होंने कहा कि वैष्णव परंपरा में भगवान जगन्नाथ को राधा-कृष्ण की युगल मूर्ति का प्रतीक माना जाता है। इस अवसर पर शिव कुमार सिंगल, मनीष बंसल, करण गर्ग, जॉनी गोयल, पारुल आहूजा, मोहित बंसल अजीतपुरिया, नवीन गोयल और संजय गोयल सहित अन्य मौजूद रहे।