हांसी। शहर के वार्ड 8 में नगर परिषद ने मात्र चार दिन में गली का निर्माण कर दिया है। एकतरफ जहां शहर के विभिन्न क्षेत्रों में निर्माण के नाम पर लंबे समय से गलियां टूटी हुई हैं व आमजन परेशान हो रही हैं। दूसरी तरफ नगर परिषद की कार्यशैली पर सवाल उठ रहे हैं।
गलियों के निर्माण के नाम नगर परिषद पर भेदभाव के आरोप लग रहे हैं। बीते सप्ताह ही वार्ड 8 के धोला कुआं चौक के समीप टूटी गली के निर्माण की मांग लेकर गली निवासी नगर परिषद कार्यालय में पहुंचे थे। गली निवासियों का कहना था कि करीब साढ़े चार महीने पहले गली तोड़ी गई थी। गली में पानी व सीवरेज लाइन डाली जा चुकी है, लेकिन निर्माण कार्य नहीं हो रहा है। वहीं वार्ड 8 में तिकोना पार्क से वाल्मिकी चौक की तरफ जाने वाली लंबी गली के एक हिस्से का नगर परिषद ने मात्र चार दिन में निर्माण करवा दिया है। चार दिन में गली को तोड़ा गया व उसका निर्माण कर दिया गया। वहीं शहर के वार्ड 14, वार्ड 24, वार्ड 7 सहित अन्य कई क्षेत्रों में गलियां लंबे समय से टूटी हुई हैं। इन्हें सीवरेज व पेयजल लाइन डालने के लिए तोड़ा गया था। यह लाइनें डाले जाने के बाद गली का निर्माण नहीं हो रहा। लोगों का कहना है कि गलियां तोड़कर ठेकेदार निर्माण नहीं कर रहा। जिसकी वजह से उन्हें परेशानी हो रही है।
सभी गलियों के ठेकेदार अलग अलग हैं। मानसून के चलते गलियों के निर्माण में थोड़ी देरी हुई है। जल्दी ही काम शुरु करवा दिया जाएगा।- विक्की कुमार, एक्सईएन