हिसार। शहर में दिनभर वातावरण साफ रहने के बाद शाम को अचानक धुएं की चादर छा गई। इस कारण से एक तरफ जहां दृश्यता कम हो गई, वहीं सांस लेने में दिक्कत होने लगी। वातावरण में अचानक से हुए इस बदलाव से लोग भी हैरान हो गए।
बता दें कि शुक्रवार को वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 400 के पार पहुंच गया था, जो दर्शाता है कि वातावरण में प्रदूषण की स्थिति गंभीर है। मगर, शनिवार को हवाओं के चलने से एक्यूआई गिरकर 300 के नीचे आ गया था। सोमवार सुबह यह 200 से भी नीचे चला गया। इसका मतलब है कि प्रदूषण की स्थिति संतुलित है। मगर, अंधेरा होने के साथ ही अचानक वातावरण में धुआं ही धुआं छा गया। ऐसा महसूस हो रहा था कि मानों कोई वस्तु जल रही हो। यही नहीं धुएं के कारण सांस लेने में काफी दिक्कत हो रही थी।