हिसार। राजगढ़ से 10 किलोमीटर दूर गांव डोकवा के पास शनिवार देर रात 1 बजे श्रद्धालुओं से भरी पिकअप और ट्रक के बीच भिड़ंत हो गई। हादसे में पिकअप में सवार 3 बच्चों समेत पांच लोगों की मौत हो गई। मरने वालों में गांव स्याहड़वा निवासी बिमला (60), कृष्णा (48), सृष्टि (2), अंजलि (13) और भिरानी गांव निवासी अंकित (10) शामिल हैं। दुर्घटना में एक दर्जन से अधिक लोग घायल हो गए। राजस्थान पुलिस ने घायलों को हिसार के निजी अस्पताल में भर्ती कराया। रविवार सुबह पांचों शवों का राजगढ़ के सरकारी अस्पताल में पोस्टमार्टम हुआ। राजस्थान पुलिस ने ट्रक चालक के खिलाफ लापरवाही का केस दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया है।
सुबह खाटू श्याम तो शाम को सालासर धाम पहुंचे थे
जानकारी के अनुसार स्याहड़वा गांव निवासी करण सिंह उसका भाई विजय गांव का सोनू और उसके भाई जयवीर के परिवार के अलावा गांव की तीन महिलाएं शनिवार सुबह पूजा अर्चना करने के लिए पिकअप में सवार होकर खाटू श्याम के लिए निकले थे। पिकअप सोनू चला रहा था। दिन में खाटू श्याम में पूजा करने के बाद देर शाम को सालासर पहुंच गए। रात को 10 बजे पूजा अर्चना करने के बाद सभी पिकअप गाड़ी में सवार होकर गांव के लिए निकले थे। राजगढ़ से 10 किलोमीटर पीछे डोकवा गांव के पास पहुंचे तो सामने से आ रहे ट्रक के साथ भिड़ंत होगी। हादसे में पिकअप में सवार बिमला, कृष्णा, सृष्टि, अंकित और अंजलि की मौके पर मौत हो गई। बाकी घायलों को उपचार के लिए निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जहां पर चालक सोनू समेत पांच लोगों की हालत गंभीर बनी हुई है। उनका आईसीयू में उपचार चल रहा है। सूचना मिलने पर राजगढ़ पुलिस के डीएसपी अशोक कुमार अपनी टीम के साथ निजी अस्पताल पहुंचे और घायलों के बयान दर्ज किए। राजगढ़ में शवों का पोस्टमार्टम करवा परिजनों को सौंप दिए।