उपमंडल के अलग-अलग गांवों के दो युवकों के साथ एयरफोर्स में नौकरी के नाम पर 20 लाख की ठगी किए जाने का मामला सामने आया है। पीड़ित पक्ष के मुताबिक नौकरी नहीं लगने पर जमानत के तौर पर उनके पास रखा गया बैंक का चेक भी बाउंस हो गया। शिकायत के आधार पर पुलिस ने राजस्थान निवासी चार लोगों के खिलाफ धोखाधड़ी सहित विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज किया है।
बड़वा निवासी पृथ्वी सिंह और बख्तावरपुरा निवासी राजेंद्र कुमार के मुताबिक उनके दोनों भांजों अभिमन्यु व मनीष ने एयरफोर्स के लिए फार्म भरे हुए थे। इस दौरान उनकी मुलाकात हनुमानगढ़ जिले के विनोद कुमार से हुई। विनोद ने उन्हें एयरफोर्स में नौकरी लगवाने का वादा किया और उनकी मुलाकात अपने परिचितों से करवाई। इस दौरान उनके बीच सौदा 10-10 लाख रुपये में तय हुआ और आरोपियों ने दोनों से दो-दो लाख रुपये भी ले लिए। इसके बाद विनोद अपने साथियों के साथ उनके घर आया और जल्द ज्वाइनिंग करवाने का झांसा देकर उनसे आठ-आठ लाख रुपये की नकद राशि भी ले गया। शक न हो इसलिए जमानत के तौर पर एक-एक चेक भी उन्हें दिया। जब दोनों युवकों का चयन नहीं हुआ तो विनोद व उसके साथियों ने फोन उठाने बंद कर दिए। चेक बैंक में लगाया तो बाउंस हो गया। शिकायतकर्ताओं का आरोप है कि जब वे विनोद व उसके साथियों के घर गए तो उन्होंने पैसे देने से मना किया और जान से मारने की धमकी भी दी। जांचकर्ता एसआई सूरजभान ने बताया कि साहुवाला निवासी विनोद कुमार व पवन कुमार, रावला मंडी निवासी मनीष कुमार और जोधपुर जिले के गांव नारायणपुरा निवासी मगाराम के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।