नारनौंद में गांव बुडाना के मोठ रोड पर जलने के बाद बचा कार का अवशेष। स्रोत : जागरूक पाठक
नारनौंद । थाना क्षेत्र के गांव माढ़ा निवासी परमवीर की कार शनिवार रात अचानक आग की लपटों में घिर गई। देखते ही देखते पूरी कार जल गई। गनीमत रही कि कार सवार तीनों युवक समय रहते बाहर निकल आए जिससे बड़ा हादसा बच गया।
परमवीर ने बताया कि अपनी दुकान बंद करने के बाद शनिवार रात करीब एक बजे अपनी कार में सवार होकर हांसी की ओर जा रहे थे। उनके साथ गांव बुडाना निवासी उनका दोस्त मोहित और नारनौंद निवासी चाचा का लड़का शुभम भी कार में सवार था। मोहित को रविवार सुबह चंडीगढ़ जाना था और कार में गैस बहुत कम थी इसलिए वह कार में सीएनजी डलवाने हांसी जा रहे थे
जब वे नारनौंद से माजरा प्याऊ पहुंचे तो मोहित को घर से जरूरी फोन कॉल आया, जिस पर तीनों ने दिशा बदलकर मोठ की ओर बुडाना के रास्ते पर मुड़ गए। जैसे ही वे ईंट भट्ठे के पास पहुंचे, अचानक कार के इंजन से धुआं निकलने लगा और देखते ही देखते आग की लपटें उठने लगीं। तुरंत कार रोककर उन्होंने छलांग लगा दी और डायल-112 पर फोन कर घटना सूचना पुलिस को दी। पुलिस टीम ने आसपास का निरीक्षण किया। थोड़ी देर बाद फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया।
परमवीर ने थाना नारनौंद में शिकायत दर्ज कराई है। उनका कहना है कि यह हादसा तकनीकी खराबी के कारण हुआ। पुलिस ने शिकायत पर जांच शुरू कर दी है।