हिसार। ईद-उल-फितर के अवसर पर शहर के क्रांतिमान पार्क में मुस्लिम समाज के हजारों लोगों ने नमाज अदा कर देश की खुशहाली, अमन-चैन, तरक्की और आपसी भाईचारे की मजबूती के लिए दुआएं मांगी। नमाज के दौरान पूरे परिसर में सौहार्द और भाईचारे का माहौल देखने को मिला।
लाहौरिया चौक स्थित जामा मस्जिद के ईमाम मौलाना जब्बार ने ईद की नमाज अदा करवाई। इसके बाद मौजूद लोगों ने देश में शांति और तरक्की के लिए दुआ की। उन्होंने बताया कि ईद-उल-फितर का पर्व रमजान के एक माह की इबादत और रोजों के समापन के बाद खुदा का शुक्र अदा करते हुए खुशी के रूप में मनाया जाता है।
क्रांतिमान पार्क में मुस्लिम समुदाय के साथ हिंदू, सिख और ईसाई समाज के लोग भी शामिल हुए। इस अवसर पर मुस्लिम कल्याण कमेटी के प्रधान होशियार खान, हरफूल खान भट्टी और पूर्व पार्षद राज हसीना सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे। शहर के विभिन्न जन संगठनों ने मुस्लिम समाज के लोगों को ईद की मुबारकबाद दी। लोगों ने एक-दूसरे से गले मिलकर सौहार्द, भाईचारे और एकता का संदेश दिया। ईद के अवसर पर क्रांतिमान पार्क के आसपास कई दुकानें भी सजी रहीं। यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस बल की तैनाती की गई थी।
इंसानियत ग्रुप के सदस्यों ने गले मिलकर दी बधाई
क्रांतिमान पार्क में ईद की नमाज के दौरान इंसानियत ग्रुप के विभिन्न धर्मों के लोग भी शामिल हुए। उन्होंने एक-दूसरे से गले मिलकर और मुंह मीठा करवाकर ईद की बधाई दी। मुस्लिम समाज ने अन्य धर्मों के प्रतिनिधियों का टोपी पहनाकर स्वागत किया। ग्रुप के संयोजक प्रशांत ने कहा कि आज जब कुछ नफरती ताकतें अपने राजनीतिक हितों के लिए धर्मों में फूट डालकर देश को कमजोर करने की कोशिश कर रही हैं, ऐसे माहौल में इंसानियत ग्रुप ने हिसार में आपसी भाईचारे और अमन-शांति का संदेश दिया है। उनके अनुसार सर्वधर्म एकता ही भारत की असली पहचान है। इस मौके पर बाबा कृष्ण सिंह पाली, जगदीश राय, राजीव सरदाना, डेविड विक्टर, उदय चे, आशीष जैन, पारुल आदि मौजूद रहे।