नारनौंद। खेड़ी चौपटा-कापड़ो रोड पर मंगलवार दोपहर एक डंपर ने सड़क किनारे खेल रही 3 वर्षीय मासूम पिंकी को कुचल दिया जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद आरोपी डंपर चालक भाग गया। सूचना के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और बच्ची के शव का हांसी के नागरिक अस्पताल में पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया। पुलिस ने अज्ञात डंपर चालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली है।
खेड़ी चौपटा पुलिस चौकी इंचार्ज एसआई महेंद्र सिंह ने बताया कि बिहार के जिला गया के गांव पैथल पट्टी का परिवार कापड़ो स्थित दीप ईंट भट्ठे पर काम करता है। पिंकी के पिता सोनू मांझी ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि मंगलवार को भट्ठे के पास सड़क किनारे मजदूरों के बच्चे खेल रहे थे। इसी दौरान खेड़ी चौपटा की ओर से आ रहे डंपर चालक सुनील निवासी बराड़ खेड़ा (जिला जींद) ने उसकी बेटी को कुचल दिया। बच्चों की चीख-पुकार सुनकर मजदूर मौके पर पहुंचे। घटना के बाद आरोपी चालक वाहन सहित भाग गया।
सूचना के बाद खेड़ी चौपटा पुलिस चौकी की टीम मौके पर पहुंची और शव को नागरिक अस्पताल हांसी भिजवाया। पुलिस ने पिता के बयान के आधार पर आरोपी चालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली है।