हिसार में झुग्गी झोपड़ी में सर्च अभियान चलाते हुए डॉग स्क्वायड टीम।
हिसार। जिले में नशा तस्करी पर अंकुश लगाने के लिए हिसार पुलिस ने विशेष चेकिंग अभियान चलाया। स्वैट कमांडो और डॉग स्क्वाड की संयुक्त टीम ने रविवार को झुग्गी-झोपड़ियों, सुनसान स्थानों और झाड़ियों से घिरे क्षेत्रों में सघन जांच की।
पुलिस ने डॉग स्क्वाड की मदद से संदिग्ध ठिकानों को खंगाला। पुलिस ऐसे स्थानों पर विशेष निगरानी रख रही है जहां नशा तस्करों द्वारा छिपकर नशीले पदार्थ बेचने या लोग चोरी-छिपे नशा करने की आशंका रहती है। अभियान के दौरान संदिग्ध स्थानों की बारीकी से जांच की गई।
एसपी सिद्धांत जैन ने सभी थाना प्रभारियों को अपने क्षेत्रों में खाली भवनों, झुग्गी-झोपड़ियों और झाड़ियों वाले स्थानों पर निगरानी रखने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि नशे के कारोबार में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। नशा बेचने वालों के साथ सार्वजनिक स्थानों पर नशा करने वालों पर भी नजर रखी जाएगी।