प्रदेश के लोक निर्माण एवं जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी मंत्री रणबीर सिंह गंगवा ने तलवंडी राणा रोड ब
हिसार। प्रदेश के लोक निर्माण एवं जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी मंत्री रणबीर सिंह गंगवा ने तलवंडी राणा रोड बचाओ संघर्ष समिति के सदस्यों और अधिकारियों के साथ चंडीगढ़ में बैठक की। अधिकारियों की ओर से सुझाए गए विकल्प टू को पूरा करने की दिशा में कदम उठाने पर सहमति बनी। जिसमें हाइवे से बॉटलिंग प्लांट तक सीधा रोड पहुंचेगा। आगे बॉटलिंग प्लांट से सीधा होटल एमटू- पेट्रोल पंप के पास निकाला जाएगा। साथ ही एयरपोर्ट के दायरे में आने वाली 20 मीटर जगह को लेकर एविएशन के साथ पत्राचार भी किया जाएगा। विकल्प टू के तहत बनाए जाने वाले रास्ते पर वन विभाग, जीएलएफ और निजी भूमि आती है।
बैठक के दौरान हरियाणा सिविल एविएशन विभाग, वन विभाग, सिंचाई एवं जल संसाधन विभाग, पीडब्ल्यूडी (बी एंडआर) विभाग तथा जिला प्रशासन के अधिकारियों ने अपने-अपने सुझाव रखे। मंत्री रणबीर गंगवा ने कहा कि ग्रामीणों को रास्ता देना मुख्यमंत्री की कमिटमेंट है उसे हर हाल में उसे पूरा किया जाएगा। उन्होंने तलवंडी राणा से हिसार के लिए वैकल्पिक सड़क उपलब्ध करवाने के मुद्दे को गंभीरता से लिया।
तलवंडी राणा रोड बचाओ संघर्ष समिति के प्रतिनिधियों एवं ग्रामीणों की ओर से भी सड़क निर्माण को लेकर अपनी मांगें और सुझाव प्रस्तुत किए गए। अधिकारियों और ग्रामीणों ने मंत्री गंगवा की मौजूदगी में मैप का विश्लेषण भी किया। सभी नए विकल्पों पर चर्चा की।
सड़क निर्माण के लिए सभी संभावित मार्गों, स्थानों एवं तकनीकी विकल्पों पर विस्तार से चर्चा की गई ताकि ग्रामीणों को जल्द से जल्द बेहतर सड़क सुविधा उपलब्ध करवाई जा सके। इस दौरान अधिकारियों ने धांसू रोड स्थित बॉटलिंग प्लांट के पास से क्या विकल्प हो सकते हैं, उन पहलुओं को भी सांझा किया।
बैठक में पीडब्ल्यू (बीएंडआर) के अतिरिक्त मुख्य सचिव एके सिंह, पूर्व आईजी दलबीर भारती, पूर्व चेयरमैन सतबीर वर्मा, रणधीर सिंह धीरू, एडवोकेट ओमप्रकाश कोहली सहित अन्य मौजूद थे।