हिसार। पशुपालन विभाग कर्मचारी संघ के प्रदेश अध्यक्ष हरपाल चौधरी ने कहा कि प्रदेश के विभिन्न विभागों में लगभग दो लाख कर्मचारियों के पद रिक्त हैं। प्रदेश सरकार कर्मचारी वर्ग की अनदेखी कर रही है, जिससे कर्मचारी ठगा सा महसूस कर रहा है। कर्मचारियों को अपनी जायज मांगों के लिए मजबूरन संघर्ष करना पड़ रहा है। पुलिस विभाग, शिक्षा विभाग, आयुष विभाग, पशुपालन आदि विभागों में पार्ट टाइम, दिहाड़ीदार, कांट्रैक्ट पर लगे कच्चे कर्मचारी वर्षों से पक्का होने की बाट जोह रहे हैं। कर्मचारियों की भर्ती के लिए लगातार मांग चल रही है, लेकिन खुद को कर्मचारी हितैषी कहने वाली हुड्डा सरकार का इस तरफ कोई ध्यान नहीं है। प्रदेश में पढ़े-लिखे योग्य युवा बेरोजगार घूम रहे हैं। हरियाणा कर्मचारी तालमेल कमेटी के आह्वान पर पशुपालन विभाग के साथ-साथ अन्य विभागों के कर्मचारी 22 दिसंबर को रोहतक रैली में बढ़-चढ़कर भाग लेंगे। इस मौके पर पुलिस पार्ट टाईम कर्मचारी संघ के प्रदेश महासचिव राजकुमार शीला, पशुपालन विभाग से राजेंद्र भानखड़, धर्मपाल चिनिया, कृष्ण सैनी, रमेश पायल, अजमेर सिंह जागलान, रतन यादव, राजेन्द्र ढाणा, रविंद्र कुमार, राजेंद्र मणकस, सतनाम, सतबीर, आत्माराम, प्रताप, राम प्रसाद गलगट, महावीर सांगवान, सत्यवान कश्यप, संतोष कुमार, गजे सिंह, रमेश दुआ ने कर्मचारियों से रैली में बढ़-चढ़कर भाग लेने का आह्वान किया है।