हिसार। हजकां-भाजपा द्वारा संयुक्त रूप से चलाए जा रहे हरियाणा विजय अभियान के दूसरे दिन हजकां अध्यक्ष और सांसद कुलदीप बिश्नोई ने कहा कि वे लोगों की दुख-तकलीफें जानने आए हैं। लोगों की समस्याओं को जानकर वे मन से दुखी हैं। प्रदेश सरकार लोगों के साथ भेदभाव का बर्ताव कर रही है। यदि उन्हें मौका मिला तो वे उनकी दुख-तकलीफ को दूर करने में कोई कोर-कसर नहीं छोड़ेंगे।
हरियाणा विजय अभियान के दूसरे दिन सोमवार को बिश्नोई ने बरवाला, नारनौंद व हांसी हलके के गांव बाडो पट्टी, बहबलपुर, धिकताना, बुगाना, सुलखनी, घिराये, गुराना, डाटा, लोहारी राघो, घोसलां, सिसाय, खेड़ी गगन व जमावड़ी में लोगों को संबोधित कर रहे थे।
कुलदीप बिश्नोई के नेतृत्व में चल रहे अभियान के दौरान सोमवार को भाजपा के वरिष्ठ नेता प्रो. गणेशीलाल, पूर्व सांसद धर्मपाल सिंह मलिक, पूर्व सांसद पंडित रामजीलाल, पूर्व उपमुख्यमंत्री चंद्रमोहन, हजकां प्रदेश कोषाध्यक्ष शिवजीत सिंह और महासचिव हेमंत बतरा आदि गठबंधन के वरिष्ठ नेता सवार थे। यात्रा के दौरान विभिन्न गांवों में बड़ी संख्या में लोगों ने कांग्रेस और इनेलो छोड़कर हजकां में शामिल होने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि स्वर्गीय चौ. भजनलाल की नीतियों में आस्था जताने वाले इस साथियों को पार्टी संगठन में भरपूर मान-सम्मान दिया जाएगा।
बिश्नोई ने कहा कि सत्ता में आने पर प्रदेश के सभी 90 हलकों और 36 बिरादरी को मान-सम्मान दिया जाएगा। सबको रोजगार के समान अवसर प्रदान करना और समान विकास करवाना हमारी सरकार की प्राथमिकता होगी। उन्होंने कहा कि लोगों की समस्याओं को लेकर विस्तृत रिपोर्ट तैयार की जा रही है। उन्होंने कहा कि उनका लक्ष्य कुर्सी हासिल करना नहीं बल्कि लोगों की सेवा करके चौ. भजनलाल के अधूरे सपनों को पूरा करना है।
हजकां-भाजपा समन्वय समिति के संयोजक व पूर्व मंत्री प्रोफेसर गणेशी लाल ने कहा कि देश व प्रदेश में बदलाव की लहर चल रही है। कुलदीप बिश्नोई के नेतृत्व में गठबंधन निरंतर आगे बढ़ रहा है। वे ही प्रदेश में लोक शासन की स्थापना करेंगे। इस अवसर पर उनके साथ पूर्व मुख्य संसदीय सचिव दूड़ाराम, विधायक दल की नेता रेणुका बिश्नोई, पूर्व विधायक अमीरचंद मक्कड़, जिला प्रधान रणधीर सिंह पनिहार, निहाल सिंह मताना, भाजपा नेता जितेंद्र जोग, सुभाष टाक, बलदेव खोखर, कुलदीप सोनी, रवींद्र बहार, राजपाल सिंघवा, रवींद्र मक्कड़, डॉ. लवकेश टूटेजा, कैलाश मंडावरिया, काशीराम, अजय जांगड़ा, धर्मपाल महता, रमन महता, सुरेंद्र शर्मा, सत्यवान दुहन, राजबीर सिंह और अजमेर खांडा उपस्थित थे।