जींद। सर्वजाट सर्वखाप के अध्यक्ष नफेसिंह ने कहा है कि केंद्रीय सेवाओं में जाटों को आरक्षण देने की मांग को लेकर 19 मार्च को जाटों की सभी खापों की महापंचायत दिल्ली में होगी। उन्होंने कहा कि महापंचायत में जाटों को आरक्षण किस तरह से केंद्रीय सेवाओं में मिले, इस पर मंथन किया जाएगा और भविष्य की रणनीति भी बनाई जाएगी।
शुक्रवार को अमर उजाला से बातचीत करते हुए नफेसिंह नैन ने कहा कि जाट आरक्षण को लेकर शुक्रवार को रोहतक के सांसद दीपेंद्र सिंह हुड्डा से मुलाकात हुई, जिसमें उन्होंने जाट आरक्षण की पैरवी केंद्र में करने का आश्वासन दिया है। उन्होंने बताया कि हरियाणा सरकार ने प्रदेश में जाटों के लिए आरक्षण की व्यवस्था कर दी है लेकिन केंद्रीय सेवाओं में देशभर के जाटों के लिए आरक्षण की व्यवस्था नहीं है। उन्होंने कहा कि खापें लंबे समय से जाट आरक्षण के लिए आंदोलन चला रही हैं। इसके परिणामस्वरूप हरियाणा सरकार ने प्रदेश में जाटों को आरक्षण देने की घोषणा कर दी है। उन्होंने कहा कि अब केंद्र सरकार को भी सरकारी नौकरियों में आरक्षण की व्यवस्था करनी चाहिए।
नफेसिंह नैन ने बताया कि कृषि जमीन कम होने के कारण जाटों की आर्थिक स्थिति काफी खराब हो चुकी है। नौकरियाें में आरक्षण न होने के कारण जाटों के युवाओं को नौकरी मिल नहीं पा रही है। उन्होंने कहा कि जाटों की आवाज दिल्ली तक पहुंचाने के लिए 19 मार्च को महाराजा सूरजमल धर्मशाला शूटिंग रेंज रोड, संगम विहार नजदीक तुगलकाबाद में महापंचायत का आयोजन किया जाएगा।
--------------