फतेहाबाद। शहर में चल रही सेना भर्ती के दौरान सोमवार को एक बार फिर 5 युवक फर्जी प्रमाण पत्रों के साथ धरे गए। सेना के अफसरों ने इन युवकाें से लिखित में लेकर इनके ऊपर कार्रवाई की तैयारी शुरू कर दिया है। यह प्रमाण पत्र माध्यमिक शिक्षा मंडल, भोपाल बोर्ड (मध्यप्रदेश) के थे तथा सीएस आजाद कॉन्वेट स्कूल, लश्कर ग्वालियर द्वारा जारी किए गए थे। इनमें एक का प्रमाण पत्र डीएवी हाई स्कूल, नया बाजार ग्वालियर का था। इससे पहले छह लोगों को यूपी के फर्जी सर्टिफिकेट के साथ सेना ने धरा था।
सेना भर्ती बोर्ड के डायरेक्टर कर्नल रंजन मनोचा ने बताया कि सोमवार को फतेहाबाद जिला के युवाआें की सेना में भर्ती का दिन था। उन्होंने बताया कि पकड़ में आए युवकों ने 1600 मीटर की दौड़ को पास कर लिया था। इसके बाद जब उनके दस्तावेज चेक किए जा रहे थे उस दौरान सेना के अधिकारियों को उक्त युवाओं के दस्तावेज फर्जी होने का संदेश हुआ। भर्ती में शामिल होने आए जिले के गांव कुलां का संदीप कुमार, गांव बैजलपुर निवासी धर्मवीर, गांव मोचीवाली के जयवीर, विक्रम और कुलदीप हैं। इन युवकों द्वारा जमा करवाए गए शैक्षणिक प्रमाण पत्रों पर माध्यमिक शिक्षा मंडल, भोपाल बोर्ड (मध्यप्रदेश) अंकित था। एक प्रमाण पत्र पर परीक्षार्थी की जन्मतिथि 1 जून 1994 अंकित है जबकि उसने दसवीं की परीक्षा 14 जून 2007 को उत्तीर्ण की है। जिससे स्पष्ट होता है कि मात्र 13 वर्ष की उम्र में 10वीं पास करना असंभव है। जिस कारण सेना के अधिकारियाें ने युवकाें को हिरासत में लेकर पूछताछ करनी शुरू कर दी। कर्नल मनोचा ने बताया कि फिलहाल अधिकारी अपने स्तर पर उक्त युवकों से पूछताछ और दस्तावेजों की पड़ताल कर रहे हैं। इस संबंध में पुलिस को कानूनी कार्रवाई के लिए लिखा जाएगा।