झज्जर। नववर्ष की पूर्वसंध्या पर झज्जर जिला पुलिस और भी अधिक चौकस रहेगी और खासतौर से ऐसे होटलों एवं अन्य समारोह स्थलों पर पुलिस की पैनी नजर रहेगी। कार्यक्रम स्थल पर हुड़दंगबाजी या छेड़छाड़ जैसी कोई घटना को रोकने के लिए जिला पुलिस अधीक्षक अनिल धवन ने पुलिस अधिकारियों को कड़े निर्देश जारी किए हैं। पीआरओ देवेंद्र दांगी के मुताबिक पुलिस कप्तान धवन ने सभी थाना एवं चौकी प्रभारियों एवं ट्रैफिक स्टाफ तथा सुरक्षा शाखा के अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देश देते हुए कहा है कि नववर्ष की पूर्व संध्या पर अधिक चौकसी बरती जाए। उन्होंने बताया कि किसी भी प्रकार की अनहोनी से निपटने के लिए बाहर से भी करीब एक सौ पुलिसकर्मियों को जिले में तैनात किया गया है। उन्होंने बताया कि इसके अलावा इस तरह के समारोह स्थलों के आसपास शाम 6 बजे से रात 2 बजे तक पी.सी.आर. / राईडर व प्रबन्धक थाना द्वारा स्वयं गश्त करने, सार्वजनिक स्थानों पर जुआ खेलने वालों व शराब पीने वालों के खिलाफ तुरन्त कार्यवाही करने के आदेश दिए गए है।