हिसार। हरियाणा जनहित कांग्रेस के जिला प्रधान रणधीर पनिहार ने कहा है कि केन्द्रीय मंत्रीमंडल विस्तार में प्रधानमंत्री ने हरियाणा की अनदेखी कर जता दिया है कि उन्हें हरियाणा से कोई लेना-देना नहीं है। हरियाणा की यह अनदेखी प्रदेश के कांग्रेस सांसदों के मुंह पर तमाचा है। एक बयान में रणधीर पनिहार ने कहा कि केन्द्र की यूपीए व प्रदेश की हुड्डा सरकार द्वारा जनता को लंबे समय से सब्जबाग दिखाए जाते रहे हैं। दोनों ही सरकारें भ्रष्टाचार व घोटालों में पूरी तरह से बेनकाब हो गई हैं। मंत्रिमंडल में फेरबदल के बावजूद जहां हरियाणा को खाली हाथ रहना पड़ा वहीं मंत्रिमंडल में मंत्रियों की फौज बढ़ाकर प्रधानमंत्री ने देश की जनता पर और बोझ डालने का काम किया है।
पनिहार ने कहा कि हजकां के स्थापना दिवस पर दो दिसंबर को सिरसा में होने वाली रैली कांग्रेस के कुशासन का अंत करने की शुरूआत होगी। रैली के प्रति प्रदेश की जनता में भारी उत्साह है जिसे देखते हुए साबित हो गया है कि रोहतक में पार्टी के स्थापना दिवस पर हुई रैली से भी सिरसा रैली कई गुणा बड़ी होगी।