नारनौंद। बरसात के मौसम में हर साल जलभराव और बाढ़ जैसी समस्याओं से परेशान रहने वाले डाटा गांव और आसपास के क्षेत्र के लिए बड़ी राहत की शुरुआत हो गई है। हरियाणा सरकार ने गांव में करीब 9 करोड़ 92 लाख रुपये की लागत से आरसीसी पाइपलाइन बिछाने की परियोजना शुरू कर दी है। शनिवार को जिला परिषद चेयरमैन सोनू सिहाग ने नारियल फोड़ कर कार्य का शुभारंभ किया।
परियोजना सिंचाई विभाग की ओर से शुरू की गई है। इसका उद्देश्य बरसात के दौरान पानी की निकासी को मजबूत बनाना और खेतों व आबादी वाले इलाकों को जलभराव से बचाना है। क्षेत्र के लोगों का कहना है कि लंबे समय से प्रभावी ड्रेनेज व्यवस्था की मांग उठ रही थी, जो अब पूरी होती दिखाई दे रही है।
सोनू सिहाग ने कहा कि डाटा गांव सहित नारनौंद क्षेत्र में बारिश के दिनों में पानी भरने से किसानों की फसलें प्रभावित होती थीं। आम लोगों को भी भारी परेशानी उठानी पड़ती थी। आरसीसी पाइपलाइन बनने के बाद जल निकासी व्यवस्था स्थायी रूप से मजबूत होगी। लोगों को बड़ी राहत मिलेगी।
बाढ़ प्रबंधन को लेकर शुरू की गई यह परियोजना जनहित में एक महत्वपूर्ण कदम है। कार्यक्रम में मौजूद ग्रामीणों ने भी मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी और पूर्व मंत्री कैप्टन अभिमन्यु का आभार जताया। सोनू सिहाग ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि निर्माण कार्य तय समय सीमा में और गुणवत्ता के साथ पूरा किया जाए।