अमर उजाला ब्यूरो
हिसार। हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण द्वारा सेक्टरवासियों पर डाली गई एन्हांसमेंट की दोबारा गणना करने व इसका सही समाधान निकालने के लिए सेक्टर 16-17 एवं 13 पार्ट-2 रेजीडेंट वेलफेयर एसोसिएशन ने प्रयास तेज कर दिए हैं। इसके लिए पंजाब एवं हरियाणा उच्च न्यायालय में केस डाला गया है, वहीं चार अप्रैल को हिसार में आ रहे मुख्यमंत्री मनोहर लाल से मिलने के लिए भी प्रयास किए गए हैं। एसोसिएशन प्रधान जितेंद्र श्योराण ने बताया कि एन्हांसमेंट समस्या के समाधान के लिए लगातार प्रयास जारी है। जब तक सेक्टरवासियों को न्याय नहीं मिलेगा, तब तक एसोसिएशन पदाधिकारी चैन से नहीं बैठेंगे। उन्होंने कहा कि सेक्टरवासियों के हकों के लिए संघर्ष अब भी जारी है। उन्होंने कहा कि 4 अप्रैल को कैमरी में रैली करने आ रहे मुख्यमंत्री से मिलकर यह समस्या एक बार फिर उनके सामने रखी जाएगी, क्योंकि चुनाव की घोषणा से पहले का मामला होने के कारण इसके समाधान में आचार संहिता भी आड़े नहीं आएगी। मुख्यमंत्री से मिलने के लिए भाजपा के वरिष्ठ नेताओं से संपर्क किया जा रहा है, ताकि उनके समक्ष पूरी सच्चाई रखी जा सके। उन्होंने सेक्टरवासियों से अपील की कि वे अपना सहयोग व समर्थन बनाए रखें और थोड़ा धैर्य रखें, हमें न्याय अवश्य मिलेगा।