अमर उजाला ब्यूरो
हिसार। लोकसभा आम चुनाव-2019 की घोषणा होने के साथ ही आदर्श आचार संहिता लागू हो गई है। सभी अधिकारी, आमजन और राजनीतिक दल आदर्श आचार संहिता की अनुपालना सुनिश्चित करें ताकि निष्पक्ष, शांतिपूर्ण और पारदर्शी चुनाव करवाए जा सकें।
यह बात जिला निर्वाचन अधिकारी एवं उपायुक्त अशोक कुमार मीणा ने कही। उन्होंने कहा कि जिला में जिन लोगों के पास लाइसेंसी हथियार हैं, वे इन्हें संबंधित थानों में जमा करवा दें। उन्होंने कहा कि यदि कहीं गैरकानूनी ढंग से पोस्टर या प्रचार सामग्री लगाई जाती है तो संबंधित के खिलाफ डिफेसमेंट ऑफ प्रॉपर्टी एक्ट के तहत कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने बताया कि चुनाव के लिए जिला में कंट्रोल रूम स्थापित कर दिया गया है। इसमें टोल फ्री नंबर 1950 चालू कर दिया गया है जो दिन में 24 घंटे चालू रहेगा। इस नंबर पर कोई भी व्यक्ति चुनाव से संबंधित जानकारी प्राप्त कर सकता है और अपने सुझाव व आदर्श आचार संहिता के उल्लंघन की शिकायत भी दे सकता है। उन्होंने कहा कि चुनाव की घोषणा के साथ ही सभी अधिकारी व कर्मचारी निर्वाचन आयोग के अधीन कार्य करेंगे। जो अधिकारी आदर्श आचार संहिता की उल्लंघना करेगा उसके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने निर्देश दिए हैं कि कोई भी अधिकारी-कर्मचारी पूर्व अनुमति के बिना अपना मुख्यालय नहीं छोड़ेंगे।