अमर उजाला ब्यूरो
हिसार। नागरिक अस्पताल में एनएचएम कर्मचारियों की हड़ताल शुक्रवार को 18वें दिन भी जारी रही। शुक्रवार को हड़ताल की अध्यक्षता जिला प्रधान जगत बिसला ने की। सचिव अनिल कुमार ने बताया कि हरियाण सरकार ने अब तक हड़ताली कर्मचारियों को बातचीत के लिए नहीं बुलाया। इस कारण प्रदेश के सभी एनएचएम कर्मचारी 25 फरवरी को करनाल सीएम हाउस का घेराव करेंगे।
जिला प्रधान जगत बिसला ने बताया कि एनएचएम कर्मचारी सेवा सुरक्षा बढ़ाने, 7वा वेतन आयोग का लाभ देने, सेवा नियमों में संसोधन करने की मांग को लेकर पांच फरवरी से हड़ताल पर हैं। जिला सचिव अनिल कुमार ने दावा किया कि हड़ताल के चलते जिले की एंबुलेंस सेवाएं पूरी तरह ठप हैं, जिससे मरीजों को ज्यादा पैसे खर्च करके प्राइवेट एंबुलेंस लेनी पड़ी रही है। शुक्रवार को आम जनता पार्टी के नेता नरेश मालिक ने हड़ताल को समर्थन दिया।
ये कर्मचारी बैठे 72 घंटे के कर्मिक अनशन पर
- मनोज कुमार, सूचना सहायक नागरिक अस्पताल आदमपुर।
- सुरेंद्र यादव, एंबुलेंस ड्राइवर नागरिक अस्पताल हिसार।
- सुमित शर्मा, आरटीएस नागरिक अस्पताल हिसार।
- राजेश जांगड़ा, आरटीएस 108 सीएचसी आर्य नगर।
-दीपक यादव, आरटीएस 108 सीएचसी बरवाला।