अमर उजाला ब्यूरो
नारनौंद (हिसार)।
जींद-भिवानी मार्ग पर प्रभुवाला बस स्टैंड के पास सोमवार रात सड़क पर खराब पिकअप को ठीक करने में जुटे चार लोगों को ट्रक ने कुचल दिया। इनमें चारों लोगों की मौत हो गई। मरने वालों में भिवानी के गांव सुरपुरा निवासी रामेश्वर और दशरथ दोनों सगे भाई थे। हादसे के बाद आरोपी ट्रक चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस रोड पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने में जुटी है। हादसे का कारण ओवरलोड पिकअप और उस पर रिफ्लेक्टर न होना बताया जा रहा है।
भिवानी जिले के गांव सुरपूरा निवासी रामेश्वर, दशरथ, मुकेश और झोझू खुर्द निवासी संजय पिछले कुछ समय से धान की पराली का तूड़ा बनाकर बेचते थे। सोमवार रात यह चारों जींद से पिकअप गाड़ी में तूड़ा भरकर बहल बेचने जा रहे थे। जींद-भिवानी मार्ग पर प्रभुवाला के पास ताऊ जी के होटल के पास उनकी पिकअप गाड़ी खराब हो गई। रात करीब एक बजे जब यह चारों सड़क पर ही गाड़ी खड़ी करके उसको ठीक करने में जुटे हुए थे। जींद की तरफ से आ रहे एक ट्रक ने पिकअप गाड़ी को टक्कर मार दी। इससे गाड़ी के पास खड़े 35 वर्षीय रामेश्वर, उसका 30 वर्षीय भाई दशरथ, 28 वर्षीय मुकेश और 32 वर्षीय संजय को ट्रक ने कुचल दिया। आरोपी चालक ट्रक सहित मौके से फरार हो गया। सूचना के बाद पुलिस मौके पर पहुंची। शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए हांसी भेजा। पुलिस ने इसकी सूचना मृतकों के परिजनों को दी। मंगलवार को चारों शवों का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों के हवाले कर दिया। पुलिस ने मृतक के परिजन रणबीर सिंह के बयान पर अज्ञात ट्रक चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच आरंभ कर दी है।
चारों शवों का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों के हवाले कर दिया है। मामले की गहनता से जांच की जा रही है। रोड पर लगे सीसीटीवी की फुटेज खंगाली जा रही है। अज्ञात ट्रक चालक के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।
-प्रह्लाद सिंह, थाना प्रभारी बास