हिसार। कापड़ो के विक्रम की हत्या के आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर लघु सचिवालय पर प्रदर्शन के दौरान पुलिस और प्रदर्शनकारियों में 21 सितंबर को झड़प हुई। सिविल लाइन थाना पुलिस ने सरकारी ड्यूटी में बाधा डालने व पुलिस पर पथराव करने के आरोप में 9 प्रदर्शनकारियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने खेदड़ निवासी बंसी, संदलाना निवासी सुनील, जींद निवासी सिंदर, छान बनभौरी निवासी जोगी, संदलाना निवासी अंग्रेज, बडाला निवासी सुंदर, बापोड़ा निवासी भिवानी राजेश, डूंगर निवासी चंद्र सिंह व सोनीपत निवासी जसविंदर को अदालत में पेश कर जेल भेज दिया। इस मामले में अब तक 10 प्रदर्शनकारियों को गिरफ्तार किया जा चुका है।
सिविल लाइन थाना एएसआई रामपाल ने बताया कि 21 सितंबर को लघु सचिवालय के गेट पर भीम आर्मी के नेतृत्व में किए जा रहे प्रदर्शन के दौरान पुलिस पर पथराव किया गया। इसमें छह पुलिसकर्मी घायल हो गए थे। गौरतलब है कि 7 सितंबर को कापड़ो गांव निवासी विक्रम का शव संदिग्ध हालत में सड़क पर मिला था। विक्रम के परिजनों ने खेत मालिक व अन्य पर हत्या का आरोप लगाया। परिजनों ने आरोपियों की गिरफ्तारी होने तक शव न उठाने का एलान किया है। 16 दिन का विक्रम का शव अग्रोहा मेडिकल कॉलेज में रखा है।