हिसार। जिले में हर रोज मिलने वाले कोरोना आंकड़ों में 83 प्रतिशत तक की गिरावट आई है। मगर मौतों का आंकड़ा थमने का नाम नहीं ले रहा है। सोमवार को 245 कोरोना संक्रमित मरीज मिले व 22 लोगों की संक्रमण से मौत हो गई। वहीं 1065 मरीज स्वस्थ होकर घर लौट गए।
40 दिन के बाद मिले कम केस : करीब 40 दिन बाद कम केस मिले हैं। इससे पहले कम 14 अप्रैल को 221 केस मिले थे। इसके चलते रिकवरी रेट भी 90 के पार पहुंच गया है। अब केस कम होने के कारण मेडिकल कॉलेज और जिला अस्पताल में भी मरीजों की संख्या घट गई है, जिस कारण कुछ हद तक ऑक्सीजन की खपत भी घटी है। फिलहाल मेडिकल कॉलेज के आइसोलेशन वार्ड में लगभग 50 बेड व जिला नागरिक अस्पताल में करीब 12 बेड खाली हैं।
मृतकों का आंकड़ा पहुंचा 877
मगर हर रोज कोरोना मौत के आंकड़े लगातार बढ़ रहे हैं, जो चिंता का संकेत है। जिले में कोविड-19 मौत का कुल आंकड़ा 877 हो गया है। विभाग द्वारा जारी की गई रिपोर्ट के अनुसार कोरोना से मरने वालों में दो युवा, 10 महिलाएं और बाकी सीनियर सिटीजन थे। इनमें से चार मृतक मरीज होम आइसोलेट पर थे और 17 मृतक वेंटिलेटर पर उपचाराधीन थे। सोमवार को ग्रामीण क्षेत्र से 9 मौत और बाकी मौत शहर से हुई है। यह सभी मृतक शुगर, बीपी, सांस की बीमारी, किडनी खराब, उम्र दराज और निमोनिया जैसी गंभीर बीमारी से ग्रस्त थे।
46850 लोग जीत चुके कोरोना की जंग
जिले में अभी 3840 सक्रिय मरीज हैं, जिनमें अधिकतर मरीजों का होम आइसोलेशन और बाकी का अस्पताल में उपचार चल रहा है। अब कुल संक्रमित मरीजों 51567 हो गया है। अब तक 46850 लोग कोरोना की जंग जीत का घर लौट चुके हैं। इस समय ठीक होने वाले मरीजों का रिकवरी रेट 90.85 प्रतिशत हो गया है।