जिले में प्रथम चरण के पंचायत चुनाव में रविवार को हुए मतदान के बाद चौधर की जंग में भाईचारे की जीत हुई। जिले में औसतन 81.4 प्रतिशत वोटिंग हुई।
कुल 118 गांवों ने अपने पंच तथा सरपंच चुन लिए। विजेताओं ने देर रात तक जीत का जश्न मनाया। जीत की खुशी में लोगों ने एक दूसरे को गले मिलकर बधाई दी।
गांव की सरकार चुनने का पहला चरण रविवार को पूरा हो गया। पहले चरण में कुल हिसार प्रथम, हिसार द्वितीय तथा नारनौंद के 118 सरपंच चुने गए। इसमें पांच सरपंच सर्वसम्मति से चुन लिए गए थे।
बाकि 113 सरपंचों को वोटिंग के जरिए चुन लिया गया। जिले में 561 पंच भी वोटिंग से चुने गए। 85 ब्लॉक समिति सदस्य तथा जिला परिषद के दस सदस्यों के लिए मतदान किया गया।
इसमें जिला परिषद के भविष्य ईवीएम में कैद हो गए हैं। ब्लॉक समिति सदस्यों का भविष्य मतपेटियों में बंद हो गया है। हिसार के महाबीर स्टेडियम स्थित हॉल में यह ईवीएम तथा मतपेटियां रखी गई हैं।
पंचायत समिति तथा जिला परिषद के रिजल्ट 28 जनवरी को घोषित किए जाएंगे। वहीं मतदान के तुरंत बाद मतगणना का दौर शुरू हुआ। शाम करीब छह बजे से सरपंच तथा पंचों के परिणाम आने शुरू हो गए थे।
रात 11 बजे तक परिणाम घोषित किए जाते रहे। गांव में चुनाव परिणाम घोषित होते ही जश्न हो गया। गांव में ढोल नगाडे़, लड्डुओं का दौर शुरू हो गया। हिसार प्रथम खंड में 46 गांव, हिसार द्वितीय खंड में 42 गांव, नारनौंद में 30 गांव में मतदान हुआ।