हिसार। शहर के सूर्य नगर निवासी एक महिला से रिवार्ड प्वाइंट रिडीम कराने के नाम पर 82,190 रुपये की ऑनलाइन ठगी का मामला सामने आया है। पीड़िता की शिकायत पर साइबर थाने में अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली है।
जांच अधिकारी नरेंद्र कुमार ने बताया कि पीड़ती महिला पोस्ट ग्रेजुएट है और गृहिणी है। उसके पास एक्सिस बैंक का क्रेडिट कार्ड है। करीब एक सप्ताह पहले उसे एक कॉल आई। कॉलर ने खुद को बैंक कर्मचारी बताते हुए रिवार्ड प्वाइंट खत्म होने की बात कही। उस समय महिला ने व्यस्तता के कारण बात टाल दी। इसके बाद 15 अप्रैल को फिर से कॉल कर आरोपी ने रिवार्ड प्वाइंट रिडीम कराने के लिए प्रक्रिया समझाने लगा। आरोपी ने महिला को एक लिंक भेजा जिस पर क्लिक करने के बाद मोबाइल पर ओटीपी आया। महिला ने ओटीपी साझा किया तो उसके क्रेडिट कार्ड से 82,190 रुपये कट गए। इसके बाद साइबर थाना पुलिस को शिकायत दी गई। ब्यूरो