अमर उजाला ब्यूरो
हिसार। नगर निगम में सीनियर डिप्टी मेयर और डिप्टी मेयर पद के लिए दौड़ तेज हो गई है। रविवार को निर्दलीय पार्षदों ने दो बार मीटिंग कर रणनीति बनाई। सुबह की मीटिंग में 11 पार्षद पहुंचे। दो पार्षद वार्ड-7 से मनोहर लाल वर्मा और वार्ड-9 से मास्टर जयप्रकाश सुबह और शाम दोनों मीटिंगों में नहीं पहुंचे।
निर्दलीय पार्षदों ने दोनों पदों पर अपना कब्जा बनाने के लिए रविवार सुबह मीटिंग बुलाई। मीटिंग में 11 पार्षद पहुंच गए, लेकिन वार्ड 7 और 9 के पार्षद नहीं पहुंचे। इस कारण शाम सात बजे फिर से मीटिंग बुलाई गई, जिसमें दोनों पार्षदों के पहुंचने की उम्मीद थी, लेकिन दोनों पार्षद शाम की मीटिंग में भी नहीं पहुंचे। रात करीब साढ़े नौ बजे तक चली मीटिंग में निर्दलीय पार्षदों ने निर्णय लिया कि जो सीनियर पार्षद हैं, उनमें से सीनियर डिप्टी मेयर पद के लिए और जो नए पार्षद हैं, उनमें से डिप्टी मेयर पद के लिए उम्मीदवार खड़ा किया जाएगा। इस निर्णय पर सभी पार्षदों की सहमति के साथ मीटिंग खत्म कर दी गई।
ये हैं सीनियर डिप्टी मेयर की श्रेणी में
जो निर्दलीय पार्षद बैठक में थे, उनमें से सीनियर पार्षदों की पंक्ति में वार्ड-1 से अनिल जैन हैं, जो तीसरी बार पार्षद बने हैं। वार्ड-3 से शालू दीवान, जो स्वयं दूसरी बार पार्षद बनीं हैं और एक बार उनके पति पंकज दीवान पार्षद रह चुके हैं। वार्ड-13 से अमिता सिंह हालांकि पहली बार पार्षद बनी हैं, लेकिन उनके पति उदयवीर सिंह पहले दो बार पार्षद रह चुके हैं। वार्ड-16 से विनोद ढांडा पार्षद हैं। इस वार्ड के पार्षद पद पर इनके परिवार का पिछले 25 सालों से कब्जा है। वार्ड-19 से नरेंद्र शर्मा भी सीनियर के पद के दावेदार रहेंगे, क्योंकि वे भी दूसरी बार पार्षद बने हैं।
डिप्टी मेयर के लिए इनका रहेगा नाम
बैठक में हुए निर्णय के अनुसार डिप्टी मेयर के लिए वार्ड 6 से उमेद खन्ना, वार्ड-14 से अमित ग्रोवर, वार्ड-20 से अंबिका शर्मा, वार्ड-10 से बिमला देवी, वार्ड-11 से सरोज देवी और वार्ड-12 से जगमोहन मित्तल का नाम शामिल रहेगा। ये सभी पहली बार पार्षद चुनकर आए हैं।
दोनों हाथों में लड्डू रख रहे 7-9 के पार्षद
वार्ड 7 और 9 के पार्षद क्रमश: मनोहर लाल वर्मा और मास्टर जयप्रकाश फिलहाल दोनों हाथों में लड्डू लेकर चल रहे हैं। ये दोनों पार्षद रविवार को सुबह-शाम हुई दोनों मीटिंग से नदारद रहे। इनका रवैया कुछ इस प्रकार का नजर आ रहा कि जिसका पाला भारी नजर आएगा, उसकी की तरफ झुक सकते हैं, इसलिए फिलहाल दोनों पार्षद अपने पत्ते नहीं खोल रहे हैं।
सात पार्षदों के साथ बैठक कर चुकी है भाजपा
उल्लेखनीय है कि दोनों पद अपने पाले में करने के लिए भाजपा शनिवार को अपने सात पार्षदों के साथ बैठक कर चुकी है। बैठक में कोई नतीजा नहीं निकल सका था और पार्षदों ने हाईकमान पर फैसला छोड़ दिया था कि जो भी फैसला वे करेंगे, उन्हें मंजूर होगा। हालांकि 26 को होने वाली बैठक के स्थगित होने के पूरे आसार नजर आ रहे हैं और यदि निर्दलीय पार्षद लामबंद नजर आए तो भी मीटिंग के स्थगित होने के आसार बढ़ जाएंगे।