गांव हरिता के पास स्थित ईंट-भट्ठे पर काम करने वाले मजदूर परिवार के दो वर्षीय मासूम बच्चे की मौत हो गई। मासूम पर ईंटों का ढेर आ गिरा, जिससे वह बुरी तरह कुचला गया। परिजनों ने जब तक उसे संभाला, तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। बाद में मामले की सूचना भट्ठा मालिक और पुलिस को दी गई। मंगाली चौकी पुलिस ने बच्चे के शव का जिला नागरिक अस्पताल में पोस्टमार्टम करवाया।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार मजदूर राममूर्ति ईंट-भट्ठे पर मजदूरी करता है। वह परिवार सहित ईंट-भट्ठे पर ही रहता है। शनिवार को परिवार के सभी सदस्य ईंट बनाने के काम में जुटे हुए थे। इस दौरान उसका दो वर्षीय बेटा राजकुमार भी पास में ही खेल रहा था। खेलते-खेलते बच्चा नीचे गिर गया। उसके नीचे गिरने के साथ ही ईंटों का ढेर भी उस पर आ गिरा। इसके कारण वह कुचला गया और उसकी मौत हो गई। बाद में उन्होंने ईंटों को हटाकर उसके शव को निकाला और पुलिस को सूचना दी। मंगाली चौकी प्रभारी ने बताया कि मृतक बच्चे के पिता राममूर्ति के बयान पर इत्तफाकिया मौत की कार्रवाई की गई है।