अमर उजाला ब्यूरो
हिसार।
एडीजे अजय पराशर की अदालत ने बरवाला के सतलोक आश्रम प्रकरण में हत्या के मुकदमा नंबर 429 में सोमवार को सेंट्रल जेल वन में सुनवाई की। अदालत में चार ने अपनी गवाही दर्ज कराई। अदालत ने समन तामील होने के बावजूद न आने पर चार गवाहों के जमानती वारंट जारी किए। अब इस मुकदमे की सुनवाई 22 जनवरी को होगी।
अदालत में सोमवार को बीडीपीओ अमर चंद, एसआई देवराज, रोहताश और शीला देवी ने अपनी गवाही दर्ज कराई। समन तामील होने के बावजूद चार गवाह गवाही देने नहीं पहुंचे। अदालत ने उनके जमानती वारंट जारी किए हैं। हत्या के मुकदमा नंबर 429 में रामपाल समेत 15 आरोपी हैं। मुख्य आरोपी रामपाल की पेशी वीसी से हुई। बाकी आरोपी अदालत में पेश हुए। अब मुकदमे की अगली सुनवाई 22 जनवरी को होगी।
रामपाल समर्थक उमड़े
सतलोक आश्रम प्रमुख रामपाल की पेशी के चलते सोमवार को उसके काफी समर्थक बाहर से शहर में आए थे। वे जयदेव नगर, कृष्णा नगर, पीएलए, साउथ बाईपास पर इधर-उधर घूमते रहे। प्रशासन ने जेल के गेट, टाउन पार्क और रेलवे स्टेशन पुल के पास जवान तैनात कर रखे थे। पुलिस वालों ने समर्थकों को टाउन पार्क और जेल के पास नहीं रुकने दिया। मुकदमे में तारीख लगने के बाद समर्थक अपने घरों की ओर रवाना हो गए।