प्रदेश सरकार ने दरिंदगी का शिकार बनी मासूम के परिजनों को बुधवार को नगरपालिका में नौकरी का लेटर देकर ज्वाइन करा दिया गया। परिवार को आश्रय देने के लिए दो शेड लगा दिए गए हैं।
रविवार को मासूम को शव का अंतिम संस्कार कराने से पहले एडीसी एएस मान ने जिला प्रशासन की ओर परिवार को नौकरी देने की मांग को माना था। इस मांग को पूरा करते हुए जिला प्रशासन की ओर से मृतका की मां और पिता को नगरपालिका में डीसी रेट की नौकरी का लेटर दिया गया। तहसीलदार अनिल परुथी लेटर लेकर पीड़ित परिवार के पास पहुंचे। शाम करीब छह बजे परिवार को नौकरी का लेटर देकर उनसे ज्वाइनिंग ली।
प्रशासन की ओर से बुधवार को पीड़ित परिवारों के घर के सामने दो शेड लगवा दिए गए हैं। शेड लगाए जाने के बावजूद परिवार फिलहाल पुरानी झुग्गी में ही रह रहे हैं। तहसीलदार अनिल कुमार ने कहा कि फिलहाल अस्थायी शेड और टॉयलेट लगाए गए हैं। पक्के आवास के लिए जल्द ही टीम जगह का फैसला करेगी।
खाता खुुला, आज डालेंगे नकदी
प्रशासन की ओर से बुधवार को पीड़ित परिवार का बैंक खाता खुलवा दिया गया है। तहसीलदार ने कहा कि वीरवार को खाते में चेक के जरिये रकम जमा करा दी जाएगी। प्रशासन ने पीड़ित परिवार को 10 लाख की मदद का एलान किया था।