अमर उजाला ब्यूरो
हिसार।
चिकनवास टोल प्लाजा पर तैनात कर्मचारी ने रोडवेज बस चालक से दस-दस के सिक्के लेने से इनकार कर दिया। इस पर दोनों में विवाद हुआ तो रोडवेजकर्मियों ने बस टोल प्लाजा के आगे आड़ी-तिरछी अड़ाकर जाम लगा दिया। करीब 40 मिनट तक नेशनल हाईवे पर जाम रहा।
रोहतक डिपो की बस सिरसा से रोहतक की ओर आ रही थी। अग्रोहा से हिसार के बीच स्थित चिकनवास टोल प्लाजा पर सुबह करीब 7:40 बजे चालक ने दोनों ओर का टोल चुकाने को 500 रुपये का नोट, दस-दस के चार सिक्के और पांच का एक सिक्का दिया। 440 रुपये का टोल चुकाने के लिए 545 रुपये दे दिए, ताकि टोल चालक 100 रुपये वापस लौटा दे। टोलकर्मी ने 10-10 के सिक्के लेने से इनकार कर दिया। रोडवेज यूनियन के नेताओं ने आरोप लगाया कि टोलकर्मी ने चालक से बदतमीजी करते हुए चालक का गला पकड़ लिया। चालक ने विरोध किया तो टोलकर्मी ने थप्पड़ जड़ दिया। इसके बाद रोडवेज चालक बस से नीचे आया। चालक के नीचे आने पर टोल के सुरक्षाकर्मी भी मौके पर आ गए। आरोप है कि सुरक्षाकर्मी ने अपनी पिस्तौल दिखाते हुए जान से मारने की धमकी दे डाली। इसके बाद रोडवेजकर्मियों ने बसों को टोल गेट के आगे आड़ा-तिरछा खड़ा कर जाम लगा दिया। कुछ ही मिनट में रोडवेज की दूसरी बसें पहुंची तो उन्होंने भी टोल के आगे अपनी बसें खड़ी कर जाम लगा दिया। रोडवेज कर्मचारी टोलकर्मी से माफी मंगवाने की मांग पर अड़ गए। हंगामा होने के बाद टोलकर्मी मौके से खेतों की ओर भाग गया।
नेशनल हाईवे पर 40 मिनट जाम
सिरसा-दिल्ली नेशनल हाईवे पर करीब 40 मिनट तक जाम लगा रहा। जानकारी मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची। अग्रोहा पुुलिस टीम ने जाम खोलने के लिए बातचीत की। पुलिसकर्मियों ने कहा कि रोडवेज जो कार्रवाई करना चाहे कर देंगे। इसके बाद रोडवेजकर्मियों ने जनता की परेशानी देखते हुए जाम खोल दिया।
मौके पर पहुंचे यूनियन नेता सतपाल डाबला, राजेंद्र शर्मा, धर्मपाल बूरा, ईश्वर बिश्नोई, सुभाष बिश्नोई, आत्माराम सहित अन्य मौके पर पहुंचे। रोडवेज कर्मचारी थाने पहुंचे। यहां टोल इंचार्ज अपने कर्मचारी लेकर आए। टोलकर्मी ने अपनी नौकरी की दुहाई देते हुए माफी मांग ली। टोलकर्मी ने कहा कि बिहार से यहां नौकरी करने आया हूं। अगर रोडवेज ने केस दर्ज कराया तो नौकरी चली जाएगी। मेरे बच्चे भूखे मरने की नौबत आ जाएगी। रोडवेज यूनियन ने अपनी शिकायत वापस ले ली।
टोल इंचार्ज ने लेटर हेड पर लिखा, 10 के सिक्के लेंगे
टोल इंचार्ज बलदेव सिंह ने लेटर हेड पर लिखकर दिया कि 10-10 के सिक्के स्वीकार किए जाएंगे। टोलकर्मी भविष्य में किसी रोडवेज कर्मचारी से गलत व्यवहार नहीं करेंगे।
टोल पर विवाद मामले को लेकर रोडवेजकर्मी थाने आए थे। उन्होंने एफआईआर दर्ज नहीं करवाई। दूसरे पक्ष के लोग भी मौके पर आए। उन्होंने समझौते की बात कही है। -सुनील कुमार, एसएचओ अग्रोहा थाना
रोडवेजकर्मी के साथ दुुर्व्यवहार किया था। बाद में टोलकर्मी ने माफी मांग ली। टोल इंचार्ज ने भी लिखित में दिया है। यूनियन ने आरोपियों को माफ कर दिया।
-धर्मपाल बूरा, रोडवेज यूनियन नेता, हिसार