अमर उजाला ब्यूरो
हिसार।
शहर में सड़कों की खस्ता हालत पर हरियाणा प्रदेश ऑटो रिक्शा कल्याण संघ के पदाधिकारी नगर निगम में मेयर शकुंतला राजलीवाला को ज्ञापन देने पहुंचे। मेयर नहीं होने के चलते उन्होंने उनके पीए को ज्ञापन सौंपा।
टाउन पार्क में ऑटो चालकों ने बैठक कर सड़कों की बदहाल व्यवस्था पर विमर्श किया। इस दौरान निर्णय लिया गया कि नगर निगम की मेयर को अव्यवस्था के बारे में ज्ञापन सौंपा जाए। नगर निगम मेयर के पीए को ज्ञापन सौंपते हुए ऑटो चालकों ने कहा कि सड़कों की खस्ताहाल के चलते नगरवासियों के साथ ऑटो चालकों को भी भारी परेशानी से जूझना पड़ रहा है। पिछले काफी समय से शहर की सड़कों के बुरे हालात हैं। इस बारे में जिला प्रशासन को कई बार अवगत करवाया गया। उन्होंने कहा कि प्रशासन ने शहर के पारिजात चौक से टेलीफोन एक्सचेंज तक की सड़क की मरम्मत करवा दी, लेकिन सड़क उससे आगे रेलवे रोड तक काफी खराब है और वहां बड़े गड्ढे हैं। ऑटो चालकों को ट्रैफिक पुलिस इसी रास्ते से जाने को कहती है। ऐसी बदहाल सड़कों पर ऑटो चलाते वक्त किसी न किसी पार्ट्स का टूटना या ऑटो की मेंटेनेंस पर असर पड़ना आम बात हो गई है। इसके चलते शहर के ऑटो चालक खासे परेशान हैं। उन्होंने कहा कि उनकी रोजी-रोटी का साधन केवल ऑटो हैं। इन्हें चलाकर वे अपना और अपने परिवार का पालन पोषण करते हैं। इस अवसर पर संघ के प्रधान जसवंत सिंह रंगा, प्रदेश उपप्रधान दीपक सेहरा, राकेेश चोपड़ा, जिंदर, अमित, राहुल, मोनू, धर्मेंद्र, सतीश, संदीप, पवन कुमार, राजू सूर्यनगर आदि मौजूद थे।