हांसी। प्रेम नगर में फ्लाईओवर के समीप कैंटर की टक्कर लगने से सोमवार शाम को बुजुर्ग की मौत हो गई। पुलिस ने मामला दर्ज कर कैंटर चालक को गिरफ्तार कर लिया है। जानकारी के अनुसार प्रेम नगर निवासी दीपक सैनी ने पुलिस को बताया कि उनके दादा निहाल सिंह सैनी (80) सोमवार शाम करीब साढ़े 4 बजे पार्क की ओर सैर के लिए निकले थे। जब वह प्रेम नगर फ्लाईओवर के पास पहुंचे, तभी पीछे से आ रही एक तेज रफ्तार कैंटर ने उन्हें टक्कर मार दी। हादसे के बाद आसपास के लोगों ने तुरंत परिजनों को सूचना दी। गंभीर हालत में निहाल सिंह को पहले नागरिक अस्पताल में ले जाया गया। वहां से उन्हें हिसार और फिर अग्रोहा मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया, लेकिन इलाज के दौरान डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद कैंटर चालक को उमरा रोड के पास पकड़ लिया गया। डायल 112 टीम को मौके पर बुलाया गया। पुलिस ने वाहन को कब्जे में लेकर संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। जांचकर्ता एएसआई रामलाल ने बताया कि अग्रोहा मेडिकल कॉलेज में शव का पोस्टमार्टम करवाया गया। आरोपी चालक राकेश को गिरफ्तार कर उसे जांच में शामिल किया गया।