हिसार। नई सब्जी मंडी चौकी से 600 मीटर दूर मंडी रोड स्थित श्री श्याम ट्रेडिंग कंपनी से बुधवार रात चोर 80 हजार रुपये और अन्य सामान चोरी कर ले गए। चोरों ने दुकान में घुसते ही सीसीटीवी कैमरे की तार को काट दिया। हालांकि इससे पहले चोरों की हरकत सीसीटीवी में कैद हो गई। घटना का पता वीरवार सुबह चला। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। आरोप है कि पुलिस दोपहर तक नहीं पहुंची। इसके बाद दुकानदारों ने रोड जाम कर नारेबाजी की। इस दौरान लोगों की भीड़ देख जजपा हलका अध्यक्ष एवं पार्षद अमित ग्रोवर मौके पर पहुंचे। वहीं जाम की सूचना पर मिलगेट थाना प्रभारी इंस्पेक्टर सुखजीत टीम सहित मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की।
दुकानदार रविंद्र गोयल ने बताया कि बुधवार को वह दुकान मंगल कर घर गया था। वीरवार सुबह करीब छह बजे उसे वारदात का पता चला। इसके बाद उसने पुलिस को सूचना दी। आरोप है कि वह साढ़े छह बजे चौकी गया तो वहां से एक पुलिसकर्मी उसके साथ दुकान पर आया और मौका देख लौट गया। रविंद्र ने बताया कि चोर उनकी दुकान से रिफाइंड, घी व सरसों के तेल के 30 टीन, 40 तेल की बोतलें व एलसीडी सहित दुकान का स्टील का काउंटर चोरी कर ले गए। सुबह जब उसे सीसीटीवी की फुटेज देखी तो उसमें दो युवक दो गाड़ियों में सवार होकर आते दिखे। इसके बाद एक युवक ने कैमरे की तार को काट दिया। रविंद्र ने बताया कि उसका चोरी हुआ काउंटर मिर्जापुर में खेतों में मिला है। रविंद्र ने बताया कि पुलिस ने कार्रवाई नहीं कि तो दुकानदारों ने सुबह रोड जाम कर दिया। इसके बाद करीब 11 बजे पुलिस मौके पर पहुंची।
पुलिस गश्त के दावे खोखले
पार्षद अमित ग्रोवर ने कहा कि शहर के हालात दिनों-दिन खराब हो रहे हैं। क्राइम का ग्राफ बढ़ता जा रहा है। पुलिस गश्त महज खोखला दावा साबित हो रहा है। पुलिस चौकी से चंद कदमों की दूरी पर चोरी होना, पुलिस की कार्यशैली पर सवालिया निशान लगाती है।
रविंद्र सुबह चौकी में गया, वहां से एक मुलाजिम साथ आया। मौका मुआयना करने के बाद पुलिस कर्मी ने कहा कि किसी सामान को छूना नहीं। फिंगर प्रिंट एक्सपर्ट को बुलाया जाएगा। इसके बाद रविंद्र ने पुलिस को लिखित में शिकायत दी तो पुलिस ने मौके पर पहुंच कर जांच शुुरू कर दी। - विकास कुमार, पुलिस प्रवक्ता