इस टैंपों में ठूंस-ठूंसकर भरी गई थी भेड़-बकरियां।
- फोटो : Hisar
हिसार। आजाद नगर थाना पुलिस ने मुकलान गांव के पास हाईवे पर मंगलवार सुबह करीब ढाई बजे नाकाबंदी कर भेड़-बकरियों से भरा एक टैंपो पकड़ा। मामले के संबंध में एएसआई महेंद्र की शिकायत पर केस दर्ज किया गया। उन्होंने बताया कि उन्हें गश्त के दौरान कंट्रोल रूम से सूचना मिली थी कि राजस्थान नंबर के एक टैंपो में भेड़-बकरियों को ठूंस-ठूंसकर भरकर ले जाया जा रहा है। उन्होंने टीम सहित मुकलान गांव के पास हाईवे पर नाका लगाया। इस दौरान चौधरीवास की तरफ से राजस्थान नंबर के टैंपो को आता देख उसे रुकवाया। चालक ने अपना नाम झुंझुनू के इस्लामपुर निवासी मोबिन बताया। परिचालक सीट पर बैठे व्यक्ति ने अपना नाम पिलानी निवासी असगर अली बताया। गाड़ी को चेक किया तो उसमें से 80 भेड़ व पांच बकरी बरामद गी गई। पूछताछ में उसने बताया कि वह भेड़-बकरियों को अंबाला में मंगलवार को लगने वाली पशु मंडी में बेचने जा रहा था। मामले में पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।