चरखी दादरी। शहर के रोहतक रोड और परशुराम चौक से लोहारू चौक तक वर्षों पुराने बिजली के तार बदलने का काम बिजली निगम ने 85 प्रतिशत पूरा कर लिया है। 20 लाख की परियोजना के तहत पांच किलोमीटर लंबाई में तार बदले जा रहे हैं। काम पूरा होने के बाद 20 कॉलोनियों के करीब 20,000 उपभोक्ताओं को बिजली फॉल्ट से राहत मिलेगी।
दिसंबर 2022 में बिजली निगम के अधिकारियों ने पांच किलोमीटर की लंबाई में 11,000 वोल्टेज के बिजली तार को बदलने की योजना तैयार की थी। इसके तहत मेजबान चौक तक काम पूरा हो चुका है। निगम अधिकारियों का दावा है कि यह काम 85 प्रतिशत पूरा हो गया है और कुछ ही दिन में पूरा हो जाएगा। इसके बाद आने वाले गर्मी सीजन में शहरी उपभोक्ताओं को बिजली फॉल्टों से राहत मिलेगी।
शहर में 50 मिमी के तार वर्षों पहले लगाए गए थे। बिजली निगम इनकी जगह 80 मिमी के तार लगा रहा है। ऐसे में आंधी चलने पर तार टूटने व फॉल्ट आने की संभावना बेहद कम रहे। तार की आकार बढ़ा होने से करंट वहन क्षमता डेढ़ गुना ज्यादा हो जाएगी है। रोहतक और लोहारू रोड शहर के केंद्र माने जाते हैं। इन मार्गाें पर बिजली लाइन में फॉल्ट आते रहते हैं।
सिविल अस्पताल में बत्ती गुल रहने से सेवाएं रहती हैं प्रभावित
शहर का सिविल अस्पताल लोहारू रोड पर ही स्थित है। हॉटलाइन से जुड़ा होने के बावजूद सिविल अस्पताल में अक्सर बिजली गुल रहती है। इसके चलते स्वास्थ्य सेवाएं प्रभावित होती हैं। इसके अलावा विभिन्न बैंक और रोजगार्डन भी इसी मार्ग पर है। बिजली निगम की योजना धरातल पर पूरी होने के बाद इन संस्थानों में बिजली कट के चलते कामकाज प्रभावित नहीं होंगे।
ट्रांसफार्मर की बढ़ाई जा रही संख्या
शहर में बिजली आपूर्ति सुचारू बनी रहे इसके लिए बिजली निगम की ओर से शहर में ट्रांसफार्मरों की संख्या बढ़ाई जा रही है। पोल भी नए लगाए जा रहे हैं। इसके अलावा कॉलोनियों में भी बिजली आपूर्ति में सुधार किया जा रहा है। बिजली निगम समय-समय पर बिजली फीडर की मरम्मत भी करवाता है। शहर में 33 केवीए का नया पावर सब स्टेशन भी बनना है। इसकी मंजूरी मिल चुकी है। सीएम घोषणा के तहत पांच से अधिक गांवों में बिजली पावर सब स्टेशन बनने प्रस्तावित हैं।
इस प्रोजेक्ट पर बिजली निगम करीब 20 लाख का बजट खर्च करेगा। जल्द ही शहर की मुख्य लाइन को बदलने का काम पूरा कर लिया जाएगा। मोटे तार लगने के बाद टूटने की संभावना कम होगी और फॉल्ट संख्या भी कम होगी। उपभोक्ताओं को नियमित रूप से बिजली देने के लिए निगम तैयार है। - सुदीप, एसडीओ, बिजली निगम