अमर उजाला ब्यूरो
हिसार। आयकर विभाग की टीम ने बुधवार को शहर की तीन फर्मों पर एक साथ सर्वे कार्रवाई शुरू की। सुबह करीब 10:30 बजे पहुंची तीन टीमों ने राजगुरु मार्केट स्थित डालमिया गारमेंट्स, डोगरान मोहल्ल स्थित सच ज्वैलर्स और सेक्टर-14 स्थित शुभम फर्टिलाइजर्स एंड केमिकल्स पर सर्वे कार्रवाई शुरू की। समाचार लिखे जाने तक उनकी कार्रवाई जारी थी और देर रात तक कार्रवाई जारी रहने की उम्मीद है।
जानकारी के अनुसार आयकर विभाग की टीमें बुधवार ही हिसार पहुंच गई। अलग-अलग तीनों टीमों ने करीब 10:30 बजे तीनों फर्मों पर पहुंचकर अपना काम शुरू कर दिया। इस दौरान फर्म के अंदर से किसी भी बाहर जाने की इजाजत नहीं दी गई और न ही किसी को अंदर जाने दिया गया। इस दौरान तीनों टीमों के साथ पुलिस बल भी मौजूद था। कार्रवाई के दौरान आयकर विभाग की टीमों ने फर्मों से कागजात और खातों की जांच की। कुछ खातों-कागजातों आदि को टीम ने जांच के लिए कब्जे में भी लिया है। फिलहाल इस कार्रवाई के बारे में कोई भी अधिकारी बोलने को तैयार नहीं है।
जिले में अब तक आठ स्थानों पर हो चुकी है कार्रवाई
जिले में अब तक आठ स्थानों पर सर्वे कार्रवाई हो चुकी है। इनमें 6 स्थानों पर आयकर सर्वे की कार्रवाई हुई है तो दो स्थानों पर जीएसटी ने सर्वे कार्रवाई की है। सबसे पहले शहर में तनिष्क ज्वैलर्स पर आयकर टीम ने सर्वे कार्रवाई की थी। इसके बाद सर्वोदय अस्पताल और फिर अनाज मंडी स्थित 14 फरवरी को सुशील कुमार मुनीष कुमार फर्म पर आयकर विभाग की टीम ने सर्वे कार्रवाई की थी। इसके बाद 25 फरवरी को जीएसटी टीम ने फिर से नई अनाजमंडी स्थित सुशील कुमार मुनीष कुमार फर्म और उकलाना की पुरानी अनाज मंडी में बहादर मल दीपक कुमार फर्म पर सर्वे कार्रवाई की। बुधवार को आयकर टीम ने एकसाथ तीन फर्मों पर सर्वे कार्रवाई की। इनको मिलाकर कुल आठ स्थानों पर आयकर और जीएसटी टीमें सर्वे कार्रवाई कर चुकी हैं।