अमर उजाला ब्यूरो
हिसार। भारतीय जनता पार्टी ने देर शाम को 20 में से बचे हुए सात वार्डों के प्रत्याशियों की सूची भी जारी कर दी हैं। इन सात प्रत्याशियों में से मात्र तीन उम्मीदवार ऐसे हैं, जिन्होंने पहले चुनाव लड़ा है। बाकी चार प्रत्याशी पहली बार चुनाव में भाग लेंगे। कयास लगाए जा रहे थे कि इस सूची में मेयर पद के दावेदार रहे हनुमान ऐरन की पत्नी रेखा ऐरन को वार्ड नंबर 20 से पार्षद उम्मीदवार बनाया जा सकता है। मगर यहां से भाजपा ने पूनम राजपाल को टिकट थमाई है। पूनम राजपाल पहले भी निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में चुनाव लड़ चुकी हैं। इसी तरह वार्ड नंबर 1 से डॉ. दयानंद शर्मा को प्रत्याशी बनाया गया है। जो पहले भी पार्षद रह चुके हैं। वहीं वार्ड नंबर 7 से विजय जांगड़ा ने 2013 का चुनाव भी लड़ा था, इसमें वह चौथे नंबर पर रहे थे।
गौरतलब है कि 20 में से 13 वार्डों के पार्षद उम्मीदवारों की घोषणा रविवार को की गई थी जबकि सात पेंडिंग रख लिए गए थे। अब इनकी सूची जारी की गई है।
डॉ.योगेश बिदानी ने मांगी थी मेयर टिकट, अब पत्नी को बनाया पार्षद प्रत्याशी
भाजपा के वरिष्ठ नेता डॉ.योगेश बिदानी मेयर पद की दौड़ में शामिल थे। बिदानी परिवार कई दशकों से भाजपा से जुड़ा हुआ है। अब डॉ. योगेश बिदानी की पत्नी डॉ. प्रीति बिदानी को वार्ड नंबर 13 से पार्षद पद का उम्मीदवार बनाया गया है। वहीं वार्ड नंबर 9 से उम्मीदवार बनाए गए राजकुमार इंदौरा भी लंबे समय से पार्टी से जुड़े हैं। वह 2014 से भाजपा एससी सेल के जिला महामंत्री भी हैं।
वार्ड नंबर 1 से डॉ. दयानंद शर्मा
वार्ड नंबर 7 से विजय जांगड़ा
वार्ड नंबर 9 से राजकुमार इंदौरा
वार्ड नंबर 10 से सीमा वाल्मीकि
वार्ड नंबर 13 से प्रीति बिदानी
वार्ड नंबर 16 से प्रेम चौधरी
वार्ड नंबर 20 से पूनम राजपाल
भाजपा की ओर से शेष बचे सात पार्षद पद के उम्मीदवारों की घोषणा कर दी है। इसी के साथ मेयर और सभी वार्डों के प्रत्याशी तय हो गए हैं। अब जनसंपर्क अभियान तेज किया जाएगा और सभी प्रत्याशियों की जीत के लिए कार्यकर्ता जुटेंगे।
- सुजीत कुमार, जिला महामंत्री, भाजपा