अमर उजाला ब्यूरो
हिसार।
प्रदेश सरकार ने छात्र संघ चुनाव कराने की सभी आठ मांगों को मान लिया। जीजेयू कुलपति प्रो. टंकेश्वर कुमार इस बारे में मुुख्य सचिव की ओर से भेजा गया लेटर लेकर अनशनकारियों के पास पहुंचे। लिखित आश्वासन के बाद अनशन पर बैठे दिग्विजय सिंह चौटाला सहित सात छात्र नेताओं ने अपना अनशन समाप्त कर दिया। सरकार ने सितंबर 2018 में छात्र संघ चुनाव लिंगदोह कमेटी की सिफारिश के अनुसार पंजाब-दिल्ली के पैटर्न के अनुसार कराने का एलान किया है। प्रदेश के सभी विश्वविद्यालयों और कॉलेजों को नोटिफिकेशन जारी कर अपने प्रोस्पेक्टस में छापने के आदेश दे दिए हैं।
कुलपति टंकेश्वर कुमार ने इनसो के राष्ट्रीय अध्यक्ष दिग्विजय सिंह चौटाला को अनशनकारी छात्र जसविंदर खैरा, मंजू जाखड़, योगेश गौतम, असीम ढिल्लों व जयदेव नौलथा, अंकित देसवाल व सीना पहलवान को जूस पिलाकर अनशन तुड़वाया। इस मौके पर इनेलो प्रदेशाध्यक्ष अशोक अरोड़ा, सांसद दुष्यंत चौटाला, जिला प्रधान राजेंद्र लितानी, विधायक रणबीर गंगवा, वेद नारंग, अनूप धानक, शीला भ्याण, युवा प्रदेशाध्यक्ष सुमित राणा, दिनेश डागर भी मौजूद रहे। दिग्विजय चौटाला ने इस संघर्ष को प्रदेश के हर छात्र की जीत बताया है। सांसद दुष्यंत चौटाला ने कहा कि इनसो अपने वादे के मुताबिक एक वर्ष तक छात्र संघ का चुनाव नहीं लड़ेगी।
अनशन समाप्त करने के बाद दिग्विजय सिंह चौटाला ने कहा कि अब एक वर्ष बाद लौटूंगा। अनशन खत्म होने के बाद इनसो ने धरनास्थल पर लगाया गया टैंट हटा लिया। इनसो राष्ट्रीय अध्यक्ष दिग्विजय चौटाला 16 फरवरी को छात्र संघ चुनाव की मांग को लेकर अनशन पर बैठे थे।
दिल्ली-पंजाब के पैटर्न पर सितंबर में होंगे छात्र संघ चुनाव
दिग्विजय चौटाला सहित छात्र नेताओं ने किया अनशन समाप्त