अमर उजाला ब्यूरो
हिसार।
बरवाला के सतलोक आश्रम प्रकरण में हत्या के मुकदमा नंबर 430 में सोमवार को सेंट्रल जेल वन में एडीजे अजय पराशर की अदालत में सुनवाई हुई। अदालत में एक डॉक्टर और दो पुलिस अधिकारियों ने अपनी गवाही दी। अब मुकदमे की अगली सुनवाई 15 जनवरी को होगी।
दिल्ली रोड स्थित सेंट्रल जेल वन में सोमवार को अदालत में हत्या के मुकदमे में सुनवाई हुई। बरवाला के पास सतलोक आश्रम में रजनी नामक महिला की मौत हो गई थी। पुलिस ने उस बारे में रामपाल समेत 14 लोगों को आरोपी बनाया है। रामपाल गंगवा रोड स्थित जेल टू में बंद है। रामपाल समेत 6 आरोपी जेल में बंद हैं और बाकी आरोपी जमानत पर हैं। अदालत ने सोमवार को आठ गवाह बुलाए थे। इनमें छह गवाए आए। उनमें से अग्रोहा मेडिकल कॉलेज के डॉ. दिलदार और पुलिस के इंस्पेक्टर उमेद सिंह व एसआई कर्णपाल सिंह ने अपनी गवाही दर्ज कराई। अदालत ने बाद में मुकदमे की अगली तारीख 15 जनवरी निर्धारित कर दी।
.....................................
रामपाल के काफी समर्थक पहुंचे
बरवाला के सतलोक आश्रम प्रकरण में आरोपी रामपाल के काफी समर्थक तारीख के चलते सोमवार को यहां पहुंचे थे। प्रशासन ने टाउन पार्क, जेल के गेट और शहीद सुबेसिंह स्मारक के आस-पास पुलिस कर्मी तैनात कर रखे थे। पुलिस कर्मियों ने समर्थकों को वहां नहीं टिकने दिया। समर्थक जयदेव नगर, कृष्णा नगर, जेल टू और साउथ बाईपास पर इधर-उधर आते-जाते रहे।
रामपाल के मुकदमे में एक डॉक्टर व दो पुलिस अधिकारियों ने दी गवाही