अमर उजाला ब्यूरो
हिसार।
अब 12वीं पास स्टूडेंट भी जीईओ इंफोर्मेटिक साइंस में एक्सपर्ट बन सकेंगे। इसके लिए प्रदेश की तीन आईटीआई में एक वर्ष के पाठ्यक्रम शुरू किए गए हैं। गुरुग्राम, पंचकूला और हिसार आईटीआई में इसी सत्र से यह कोर्स शुरू किए जाएंगे।
युवाओं को स्किल डेवलपमेंट प्रोग्राम के तहत ट्रेनिंग दी जाएगी। इसमें उन कोर्स पर फोकस किया जाएगा, जिनकी आने वाले समय में डिमांड होगी। रिमोट सेसिंग डिपार्टमेंट की ओर से अब 12वीं पास स्टूडेंट के लिए कोर्स डिजाइन किए गए हैं। एक वर्षीय डिप्लोमा कोर्स आईटीआई के जरिये कराया जाएगा। इसके बाद यह स्टूडेंट जीआईएस सर्वे, मैपिंग, ट्रैकिंग के लिए काम कर सकेंगे। पहले चरण में यह कोर्स तीन आईटीआई में उपलब्ध कराया गया है। इनमें हिसार, गुरुग्राम और पंचकूला की आईटीआई में यह कोर्स होंगे। सभी तीनों आईटीआई में इसके लिए 20-20 सीटें रखी गई हैं। कोर्स के लिए आवेदक का 12वीं में मैथ या साइंस के साथ पास होना अनिवार्य है। इस कोर्स को स्टेट काउंसिल ऑफ वोकेशनल ट्रेनिंग सेंटर की ओर से मान्यता दी गई है। कोर्स को नेशनल काउंसिल ऑफ वोकेशनल ट्रेनिंग से अनुमति के लिए भेजा गया है। आने वाले समय में जीपीएस, जीआईएस की सबसे अधिक डिमांड होगी। ऐसे में इन युवाओं को रोजगार के सबसे अधिक अवसर होंगे। युवाओं को निजी कंपनियों के अलावा सरकारी सेवाओं में भी जॉब के अवसर मिलेंगे। अगर यह पायलट प्रोजेक्ट कामयाब रहा तो प्रदेश की सभी आईटीआई में यह पाठ्यक्रम शुरू किया जाएगा। रिमोट सेसिंग में हरसैक की ओर से जीजेयू के जरिये पीजी कोर्स कराए जा रहे हैं, जिनकी मार्केट में काफी डिमांड है। युवाओं को नौकरी के अच्छे अवसर मिल रहे हैं।
स्टाफ को दी जाएगी ट्रेनिंग
तीनों आईटीआई के स्टाफ को हरियाणा रिमोट सेंसिंग सेंटर की ओर से ट्रेनिंग दी जाएगी। यह ट्रेंड स्टाफ अपनी आईटीआई में स्टूडेंट को सिखाएंगे। स्टूडेंट को इसके लिए तीन महीने का प्रैक्टिकल भी कराया जाएगा, जिसमें हरसेक की ओर से मदद की जाएगी
तीन आईटीआई में डिप्लोमा इन जियो इंफोर्मेटिक साइंस शुरू किया गया है। इसके लिए हिसार, गुरुग्राम, पंचकूला आईटीआई के जरिये आवेदन मांगे गए हैं। इस सत्र से यह कोर्स शुरू करा दिए जाएंगे। युवाओं को रोजगार के अधिक अवसर मिल सकेंगे।
-आरएस हुड्डा, चीफ साइंटिस्ट, हरसैक हिसार
- प्रदेश की तीन यूनिवर्सिटी में होगा डिप्लोमा कोर्स
- इस सत्र से हिसार, गुरुग्राम, पंचकूला आईटीआई में होंगे दाखिले