हांसी। अपराधों पर अंकुश लगाने और यातायात नियमों की पालना सुनिश्चित करने के लिए हांसी पुलिस ने जिलेभर में विशेष चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान पुलिस टीमों ने 621 वाहनों की जांच की और नियमों का उल्लंघन करने वाले 154 वाहन चालकों के चालान किए। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार के नेतृत्व एवं दिशा-निर्देशों में की गई।
पुलिस की विभिन्न टीमें अपने-अपने क्षेत्रों में नियमित गश्त और चेकिंग कर रही हैं। इसके तहत पैदल गश्त, राइडर, आईआरवी, एसएचओ मोबाइल और नाकाबंदी के माध्यम से संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है। सार्वजनिक स्थानों, मुख्य मार्गों, बाजारों और अन्य महत्वपूर्ण स्थानों पर संदिग्ध व्यक्तियों से पूछताछ के साथ वाहनों के दस्तावेजों की जांच भी की जा रही है।
चेकिंग के दौरान बिना नंबर प्लेट के 5, वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का प्रयोग करने पर 3, ओवरस्पीड के 16, ड्रंक एंड ड्राइव के 2, बिना सीट बेल्ट के 3, एक्स्ट्रा लाइट के 3, बिना हेलमेट के 21 और ट्रिपल राइडिंग के 8 चालान किए गए। इसके अलावा अन्य यातायात नियमों के उल्लंघन पर 93 चालान किए गए।
एसपी ने कहा कि जिले में शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखना और आमजन को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध करवाना पुलिस की प्राथमिकता है। अपराधों पर अंकुश लगाने के लिए गश्त, निगरानी और चेकिंग अभियान लगातार जारी रहेंगे।
नियमों की पालना के लिए भी कर रहे जागरूक :
पुलिस की ओर से चालान करने के साथ वाहन चालकों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक भी किया जा रहा है। उन्हें हेलमेट और सीट बेल्ट का इस्तेमाल करने, निर्धारित गति सीमा में वाहन चलाने और ड्राइविंग के दौरान मोबाइल फोन का प्रयोग नहीं करने की सलाह दी जा रही है। साथ ही नशे की हालत में वाहन नहीं चलाने और पैदल यात्रियों की सुरक्षा का ध्यान रखने के लिए प्रेरित किया जा रहा है।